मित्रता और वैर का विवेक – धर्मेंद्र कुमार ठाकुर
मित्र बनाओ सोचकर, परखो गुण-व्यवहार।
सदा बुराई से करो, जीवन में तकरार॥
नीतिमार्ग पर जो चले, समझे जीवन सार।
सुख-दुख का हर बोझ तब, लगता है उपहार॥
(समान विचार और स्तर)
सम-विचार, सम-स्तर जो पावे,
ऊँच-नीच मन में ना आवे।
ना हीनत्व, न दर्प सताए,
प्रेम-सम्मान सदा बढ़ जाए।
एक भाव जब हृदय समाता,
अटूट बन जाता वह नाता॥
(सत्य बोलने और राह दिखाने वाले)
जो ना झूठी हाँ में बोले,
मीठे विष से मन ना घोले।
गलती पर जो आँखें खोले,
कड़वा सच निज मुख से बोले।
सही राह जो सदा दिखावे,
सच्चा मित्र वही कहलावे॥
(संकट में साथ देने वाले)
रोग, विपत्ति, कठिन समय में,
अकाल और जीवन के भय में।
चाणक्य नीति यही बतलाती,
विपदा ही सच्चा मीत दिखाती।
अंधकार में दीप जलाए,
संकट में जो काम आ जाए॥
(सकारात्मक और चरित्रवान लोग)
शांत, चरित्रवान, गुणकारी,
कृतज्ञ, सत्यनिष्ठ, उपकारी।
जिनकी वाणी अमृत बरसाए,
संगत उनकी भाग जगाए।
पारस जैसे स्पर्श से उनके,
कंचन बनते जीवन सबके॥
मित्र भाव की रीति यह, अब सुन शत्रु विचार।
किससे वैर निभाइए, किससे हो तकरार॥
(बुराइयों और कमजोरियों से शत्रुता)
आलस, क्रोध, अहम् को मारो,
निज अवगुण को शत्रु विचारो।
लोभ, मोह और बुरी आदतें,
रोकें जीवन की सब राहें।
इन शत्रुओं को जो है हराता,
वही जगत में विजयी कहलाता॥
(योग्य और शक्तिशाली प्रतिद्वंद्वी)
हो विरोध तो योग्य से ठानो,
विद्वानों से होड़ को मानो।
बलशाली से जब भिड़ जाओ,
निज क्षमता को खूब बढ़ाओ।
मजबूत शत्रु सिखलाता लड़ना,
कठिन राह पर आगे बढ़ना॥
(अन्याय और अधर्म का विरोध)
छल, अन्याय, अधर्म जहाँ हो,
कपट-जाल का मर्म जहाँ हो।
डटकर करो विरोध वहाँ तो,
रखो न कोई मोह वहाँ तो।
मित्र-शत्रु का भेद जो जाने,
वही सफलता जग में माने॥
सुसंगति से तर जाएँगे, कुसंगति दे शूल।
जीवन के इस समर का, यही है पावन मूल॥
धर्मेंद्र कुमार ठाकुर
प्राथमिक विद्यालय रेही टोला
रानीगंज अररिया

