सामा चकेवा
कार्तिक के उजले चाँद तले, लिए मिट्टी की सौंधी गंध,
आया है फिर सामा-चकेवा, बांधे ममता के अनमोल बंधन ।
बिहार के हर आँगन में, गूंजे लोकगीतों की सरगम,
भाई-बहन के पावन रिश्तों की, जलने लगे दीप हरदम।
संध्या ढलते ही बांस की डालियों पर, सजती हैं नन्ही मूर्तियाँ,
सामा, चकेवा, सतभैया संग, खिल उठती हैं सारी खुशियाँ।
चूल्हा- चौकी की थकान भूल, बहना जब गीत गुनगुनाती है,
माटी के उन खिलौनों में, जैसे जान नई बस जाती है।
भाई है ढाल, बहन है दुआ, इस रिश्ते की क्या बात कहें,
धूप-छाँव के हर मौसम में, ये संग-संग हर रात रहें।
चाहे दूर बसे हों परदेस में, या हों पास ही आँगन के,
इस पर्व की पावन डोर बँधी, हर धड़कन से, हर मन के।
वृंदावन की झांकी सजती, जब रात घनेरी आती है,
सखियों के संग मिलकर बहना, मंगल गीत सुनाती है।
बचपन की वो खट्टी मीठी यादें, फिर से ताजा हो जाती है।
रूठना मनाना, हँसना- खेलना, आँखों में फिर लहराती है।
अंत में जब विदाई का क्षण, धीरे से पास आता है,
भरे-भरे नयनों से मन, कुछ अनकहा कह जाता है।
अगले बरस फिर आने का, वादा साथ निभाते हैं,
सामा-चकेवा के संग हम, अपनापन फिर दोहराते हैं।
यह केवल एक त्योहार नहीं, यह संस्कृति की पहचान है,
भाई-बहन के अटूट प्रेम का, सबसे प्यारा सम्मान है।
मिथिला, मगध, अंग, भोजपुर की, साँझ इसे अपनाती है,
माटी की इस पावन परंपरा में, सदियों की खुशबू आती है।
खुशबू कुमारी
मध्य विद्यालय गोला पंचायत जे पी कॉलोनी चंदवारा मुजफ्फरपुर

