Site icon पद्यपंकज

शिखर की चुप्पी- धर्मेंद्र कुमार ठाकुर

Dharmendra Kumar Thakur

Dharmendra Kumar Thakur

शिखर की चुप्पी

खग-कुल में केवल काक एक, जो बाज से उलझा करता है,

चढ़ पीठ उसी की चोंच मार, निज बल का दंभ वो भरता है।

सोचे वह अपनी चोंचों से, नभ-राज को नीचे लाएगा,

अपने इस ओछे साहस से, जग में यश कीर्ति कमाएगा।

पर महाबली वह खग-नायक, व्यर्थ नहीं शक्ति गंवाता है,

वह शांत, धीर, गंभीर सदा, न तनिक भी क्रोध दिखाता है।

ना पंख फड़फड़ाता है वह, ना शत्रु से तकरार करे,

बस धैर्य की अपनी डोर थाम, वो अनंत गगन को पार करे।

वह अपने विशाल पंखों को, बस धीरे से फैलाता है,

और नील गगन की ऊँचाई की, ओर बढ़ता ही जाता है।

ज्यों-ज्यों ऊँचाई बढ़ती है, बादल भी पीछे छूट गए,

काक के सारे झूठे भ्रम, उस ऊँचे नभ में टूट गए।

कौआ जो बैठा पीठ ऊपर, अब साँस न पूरी ले पाता,

कम होती प्राण-वायु से वह, अंदर ही अंदर घबराता।

चक्कर खाकर बेसुध होकर, वह छटपटाने लगता है,

फिर शक्तिहीन हो धरती पर, खुद नीचे गिरने लगता है।

जीवन का भी यह सत्य यही, निंदक से मत उलझो भाई,

व्यर्थ विवादों में पड़कर, मत खोओ अपनी अच्छाई।

तुम लक्ष्य की ओर कदम रखो, और ऊँचे उठते जाओ बस,

तुम अपनी कर्म-उड़ान भरो, और जग में छाते जाओ बस।

जब तुम शिखर पर पहुँचोगे, तो निंदक खुद थक जाएंगे,

तुम्हारी ऊँचाई के आगे, वे स्वयं ही नीचे गिर जाएंगे।

धर्मेंद्र कुमार ठाकुर

प्राथमिक विद्यालय रेही टोला

रानीगंज अररिया

0 Likes
Spread the love
Exit mobile version