शीर्षक :-बाजार के चमक:इंसानियत के पुकार -उमेश कुमार सिन्हा “निर्देशक”
बाजार इंसानियत की आत्मा है,
जहाँ हानिकारक से लाभकारी तक,
हर तरह की वस्तु बिकती है।
पर हानिकारक वस्तुओं से रहना सावधान,
यही है जीवन और समाज का असली ज्ञान।
नशे का पदार्थ जीवन का छलावा है,
यह जीवन को मरुस्थल बना देता है,
जहाँ खुशियों का कोई अंकुर नहीं खिलता है।
नशा सिर चढ़कर अभद्र वचन बुलवाता है,
अशिष्ट कर्मों के दाग लगाता है।
घर-परिवार की शांति भंग कराता है,
इंसान को इंसानियत से दूर ले जाता है।
कैसा समय और कैसी सोच आई है,
ऊपर से ठाठ-बाट की चमक दिखाई है,
भीतर से इंसानियत खोखली होती जाती है।
ज्ञान दिखावे में, लगन प्रदर्शन में खो जाती है,
कर्मठता की राह कहीं पीछे छूट जाती है।
बाजार जाने के लिए झोले की जरूरत है,
पर झोले की चिंता किसे होती है,
पॉलिथीन ही सबकी पहली पसंद बनती है।
बिना झोले के लाट साहब बन जाते हैं,
पॉलिथीन को बड़े शौक से बुलाते हैं।
दुकानदार भी सुविधा देकर ग्राहक बनाता है,
अनजाने में पॉलिथीन का कारोबार बढ़ाता है।
कभी स्वार्थ छोड़कर विचार तो कीजिए,
पॉलिथीन के प्रदूषण पर ध्यान तो दीजिए।
यह पगडंडियों पर गंदगी फैलाती है,
दुर्गंध से स्वच्छ वातावरण को दूषित बनाती है।
स्वस्थ जीवन पर संकट मंडराती है,
मानव और प्रकृति दोनों को सताती है।
दुधारू पशु कचरे में भोजन तलाशते हैं,
पॉलिथीन में फँसी वस्तुएँ भी खा जाते हैं,
अनजाने में अपने जीवन को संकट में डाल जाते हैं।
पशुओं को मानव जैसा विवेक कहाँ मिला,
प्रकृति ने यह विशेष गुण केवल मानव को दिया।
तो मानव होकर हम अपना कर्तव्य क्यों भूलें?
क्यों अपनी ही धरती को कचरे से भरें?
आओ! झोले और अखबार के थैले अपनाएँ,
समाज से कूड़े-कचरे और पॉलिथीन के ढेर हटाएँ।
पगडंडियों से गंदगी के निशान मिटाएँ,
रास्ते स्वच्छ करें, सुगंधित फूल खिलाएँ।
फूल खिलेंगे तो देवालयों में चढ़ेंगे,
देशभक्तों के सम्मान में भी अर्पित होंगे।
फूल प्रेम और सम्मान का संदेश सुनाएँगे,
पॉलिथीन नहीं, खुशियों के उपहार बन जाएँगे।
आलस छोड़कर झोला हाथों में पकड़ें,
बाजार जाएँ तो दुकानदार से स्पष्ट कहें—
मुझे पॉलिथीन नहीं, स्वच्छ सामान चाहिए,
पर्यावरण के हित में आपका सहयोग चाहिए।
पॉलिथीन की सुविधा के नाम पर
प्रदूषण का उपहार नहीं चाहिए।
पॉलिथीन हटाओ, पशु-मानव का संकट दूर भगाओ,
झोले और अखबार के थैलों में
अपना सामान घर लाओ।
घर में बरकत, समाज में स्वच्छता बढ़ाएँ,
एक जिम्मेदार नागरिक बनकर दिखाएँ।
स्वच्छ धरती, सुंदर पर्यावरण बनाएँ,
आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ संसार दे जाएँ।
स्वरचित रचनाकार:-
उमेश कुमार सिन्हा निर्देशक
डिसेंट एकेडमी वाया स्कूल रघुनाथपुर
तुलसीपथ लालापुल रघुनाथपुर
अंचल :- ब्रह्मपुर , जिला – बक्सर

