निर्णय मैं स्वयं करता हूँ
झुकना आता है मुझे,
समझौता करना भी आता है,
संबंधों की डोर थामे रखने का,
हर कौशल मुझे भाता है।
अपनों के सुख की खातिर,
हर दुख को हँसकर सह लेता हूँ,
मौन की चादर ओढ़े,
मैं सब कुछ चुपचाप कह देता हूँ।
पर मेरी इस विनम्रता को,
दुर्बलता मत समझ लेना,
मैं जल सा शीतल अवश्य हूँ,
पर अग्नि सा धधकना भी जानता हूँ।
समय की आँधियों में झुकना,
वृक्षों की समझदारी होती है,
पर जो जड़ों पर ही प्रहार करे,
उस बवंडर से लड़ना भी आता है।
किसके लिए झुकना है मुझे,
और कहाँ तक पग बढ़ाना है,
अपने आत्मसम्मान की लक्ष्मण-रेखा,
मैं स्वयं ही खींचना जानता हूँ।
जहाँ प्रेम हो, वहाँ मोम सा पिघल जाऊँगा,
जहाँ अपमान हो, वहाँ पाषाण सा अड़ जाऊँगा,
मेरी सज्जनता और धैर्य की सीमाएँ क्या होंगी,
यह निर्णय मैं स्वयं करता हूँ।
धर्मेंद्र कुमार ठाकुर प्राथमिक विद्यालय रेही टोला
रानीगंज अररिया

