Site icon पद्यपंकज

पहले मन में दीप जलाऊँगा – उमेश कुमार सिन्हा 

Umesh kumar sinha

पहले मन में दीप जलाऊँगा – उमेश कुमार सिन्हा 

आज दीपावली है,
शरीर रूपी दीप में,
चरित्र रूपी बाती से,
कर्तव्य रूपी घी से,
श्रद्धा, सद्भाव और प्रेम रूपी लौ से
एक दीप जलाऊँगा।

पहले मन के मैले विचारों को साफ कर लूँ,
जिससे मेरे दीप को स्वच्छता मिले।
जहाँ लक्ष्मी और सरस्वती का
स्वच्छता के साथ ठहराव हो।

जब मन के दीप जलेंगे,
तभी मिट्टी के कृत्रिम दीप जगमगाएँगे।

सबसे पहले मेरा एक दीप उन्हें समर्पित है,
जिन्होंने इस सृष्टि को बनाया।
फिर उन्हें, जिन्होंने मुझे
धरती माँ की गोद में पहुँचाया,
मेरे लिए माँ के विशाल आँचल में
स्नेह और ममता का स्थान बनाया।

ब्रह्मांड के ग्रह-नक्षत्रों और तारों, भूमि मां को,
बाल गोपाल के मनोहारी स्वरूपों को,
ज्ञान-विज्ञान के अनमोल उपहारों को,
नए आविष्कार करने वाले वैज्ञानिकों को,
लेखक, कवि, के प्रेरणा दायक विचारों को,
देव-देवियों के पावन आशीर्वाद को,
एक दीप श्रद्धापूर्वक समर्पित है।

माता-पिता और समस्त पूर्वजों को,
पर्वत-पहाड़ और पावन नदियों, झरनों को,
ऋषि-मुनियों की तपस्या को,
वेद-पुराणों की ज्ञान-गाथाओं को,
राधा-कृष्ण के प्रेम और भक्ति को,
राम-सीता के आदर्श और मर्यादा को, श्री राम सेवक हनुमान, संकट हरण को
मेरा एक दीप समर्पित है।

जिनके पराक्रम से देश सुरक्षित है,
उन्हें एक दीप समर्पित।
जिनके कर्तव्य से देश को अन्न मिलता है,
उन अन्नदाताओं को एक दीप समर्पित।

देश की रक्षा करने वालों के लिए
एक दीप समर्पित।

हर उस नर और नारी को दीप समर्पित,
जिनके मन के वक्षस्थल में
कल्याणकारी विचार पलते हैं।
शिक्षा का उपहार मिलते है,

प्रकृति के हर उस उपहार को दीप समर्पित,
जो मानव जीवन का हितैषी है।
हर उस पशु-पक्षी को दीप समर्पित,
जो मानव के हित में अपना जीवन तक
न्यौछावर कर जाते हैं।

मन स्वच्छ रहेगा तो मिट्टी के दीप जलेंगे,
स्वच्छ मन में भी खुशी की लौ निकलेगी।
दीप आशा की किरण जगाता है,
जीवन में नई उमंग जगाता है।

मन साफ न हो तो,
दीप भी मन की गंदगी के आगे
अपना प्रकाश खो जाता है।
शिक्षा स्वयं एक दीप है,
जो ज्ञान की लौ से प्रकाश देती है,
अज्ञान के अंधकार में भटके मानव को
ज्ञान के पथ पर अग्रसर करती है।

शिक्षा का दीप जलाने से पहले,
आत्मा को निर्मल बनाना होगा,
गुरु के श्रीचरणों में श्रद्धा का दीप जलाकर,
ज्ञान का अमृत पाना होगा।

गुरु की वाणी जब ज्ञान बरसाएगी,
अज्ञान की कालिमा स्वयं मिट जाएगी,
ज्ञान की ज्योति जब जग में फैलेगी,
गुरु के आँगन की बाती भी मुस्कुराएगी।

गुरु का सम्मान, शिक्षा का मान,
यही है जीवन का सच्चा अभिमान।
शिक्षा से ही संस्कार जगाऊँगा,
हर मन में ज्ञान का दीप जलाऊँगा।
पहले मन में दीप जलाऊँगा

स्वरचित रचनाकार:-
उमेश कुमार सिन्हा “निर्देशक”
डिसेंट एकेडमी वाया स्कूल रघुनाथपुर
बिहार सरकार द्वारा पूर्णतः स्वीकृत विद्यालय
गोस्वामी तुलसीदास पथ लालापुल रघुनाथपुर
अंचल- ब्रह्मपुर, जिला- बक्सर

0 Likes
Spread the love
Exit mobile version