Site icon पद्यपंकज

परम विरोधाभास- धर्मेंद्र कुमार ठाकुर

Dharmendra Kumar Thakur

Dharmendra Kumar Thakur

परम विरोधाभास

प्रकृति का यह नियम अनूठा, पूर्ण यहाँ कोई भी नहीं,

दी मिठास गन्ने को किंतु, फल की कोई आस नहीं।

स्वर्ण को चमकाया उसने, पर गंध से दूर रखा,

कमल खिलाया सुंदर किंतु, पंक के वश में रखा।

गहराई दी सागर को तो, जल उसका खारा है,

नदियों को दी मीठी धारा, पर बहना बंजारा है।

सूरज जग को प्रदीप्त करता, पर तपिश से वो भरता है,

चाँद शीतलता देता किंतु, सूर्य सा न चमकता है।

ऐसा ही मानव यहाँ है, त्रुटियाँ सब में होती हैं,

कितने भी अच्छे चुन लो तुम, कुछ बातें तो चुभती हैं।

भूल यहाँ पर यह होती है, तुम पूर्णता को ढूँढ रहे,

जो इस सृष्टि में है ही नहीं, उस मनुज को ढूँढ रहे।

परफेक्ट कोई भी नहीं यहाँ, हर जीवन की अपनी कहानी है,

जो दिखता है सब पूर्ण यहाँ, बस रीती एक प्रवाह है।

जिसके पास है धन अटूट, समय नहीं दे पाता है,

जिसके पास है समय बहुत, वो धन को तरस जाता है।

मिले जहाँ पर प्रेम पूर्ण, वहाँ कोई और त्रुटि होगी,

स्वीकार करो हर रूप यहाँ, तभी जीवन में प्रसन्नता होगी।

चाहत मत कर उस दर्पण की, जिसमें कोई दरार न हो,

ऐसी कोई नौका नहीं, जो लहरों से व्याकुल न हो।

अपूर्णता ही सुंदर है, इसे प्रेम से अपनाना सीखो,

हर कमी में छुपा जो गुण है, बस उसे जगाना सीखो।

धर्मेंद्र कुमार ठाकुर। प्राथमिक विद्यालय रेही टोला

रानीगंज अररिया

0 Likes
Spread the love
Exit mobile version