सरलता का मोल – धर्मेंद्र कुमार ठाकुर।
अत्यधिक सीधापन भी जग में, बन जाता है काल कभी।
भोलेपन के कारण ही, मानव फँसता है जाल सभी॥
जो हर किसी पर करे भरोसा, आँख मूँद कर चलता है।
संसार के इस छल-प्रपंच में, वह हर पल ही छलता है॥
जाकर देखो उस घने वन में, कैसी रीत निराली है।
सीधे वृक्ष ही कटते पहले, टेढ़ों की रखवाली है॥
जो तन कर बिल्कुल सीधा खड़ा, वह आरी की भेंट चढ़ा।
और जो थोड़ा टेढ़ा-मेढ़ा था, वह आँगन में बचा रहा॥
यही नियम इस दुनिया का है, तुम इस सत्य को पहचानो।
अच्छाई के साथ-साथ तुम, दुनियादारी भी जानो॥
मीठी वाणी बोलने वाले, सब अपने नहीं हुआ करते।
जो ज़्यादा सरल दिखाई देते, वही घाव गहरा करते॥
तुम बुराई का साथ न देना, न ही किसी को धोखा दो।
पर जो तुम्हें दबाना चाहे, उसको तुम खुल कर रोको॥
मर्यादा और नीति के पथ पर, तुम सदा ही चलते रहना।
पर समय पड़े तो चतुर बनो तुम, यह चाणक्य का है कहना॥
सत्य, सरलता, और प्रेम से, जीवन को तुम सजाते रहो।
पर आत्मरक्षा के खातिर तुम, अपनी समझ जगाते रहो॥
ना इतना झुकना जग के आगे, कि कोई तुम्हें मिटा जाए।
और ना इतना सीधा बनना, कि कोई तुम्हें काट जाए॥
फूलों सा कोमल मन रखो, पर काँटों का भी ज्ञान रहे।
तेरी इस पावन सरलता का, दुनिया को भी मान रहे॥
हर पत्थर को हीरा समझो, ऐसी भूल न कर बैठो।
अपनों और परायों का तुम, हरदम ही पहचान रखो॥
समय-चक्र की इस धारा में, खुद को इतना योग्य बनाओ।
कि कोई छलने आए जो तुमको, तुम उसको ही राह दिखाओ॥
शेर जैसी रखो दहाड़ भी, चाहे हृदय में प्यार रहे।
सरल रहो पर निर्बल नहीं, ऐसा ही व्यवहार रहे॥
धर्मेंद्र कुमार ठाकुर।
प्राथमिक विद्यालय रेही टोला
रानीगंज अररिया
17.11.2026

