भविष्य की पाठशाला – धीरज कुमार
बदलती दुनिया का हर रंग है निराला,
कैसे अछूती रह जाएगी इससे पाठशाला!
पर अधूरी है भविष्य की पाठशाला का आधार,
जबतक संतुलित नहीं ज्ञान, तकनीक और संस्कार।
रटने की प्रवृत्ति के बदले हो समझने पर ज़ोर,
तभी विद्यार्थी पहुंच पाएगा सृजन की ओर।
विषयों को जोड़कर बने अंतर–विषयक दृष्टिकोण,
प्रयोग और प्रोजेक्ट से सारे संशय हों गौण।
बदलते पेशों से चुनौतियां भी बदलती जाएंगी,
पर सीखने को तत्पर हों, परिस्थितियां बदल जाएंगी।
कृत्रिम बुद्धिमत्ता, इंटरनेट, स्मार्ट क्लास की सुविधा,
भविष्य में दूर करेंगी विद्यार्थियों की हर दुविधा।
गांवों और कस्बों तक तकनीक ज्ञान पहुंचाएगी,
शिक्षा का अलख ग़रीब परिवारों तक जगाएगी।
शिक्षक का महत्त्व कम नहीं, मार्गदर्शक बन जाएगा,
मेंटर बनकर विद्यार्थियों की जिज्ञासा जगाएगा।
पर अगर शिक्षा हो संवेदनशीलता, संस्कार से रहित,
किसी भी युग में यह समाज का करेगा ही अहित।
अतः सहानुभूति, करुणा, सत्यनिष्ठा और सम्मान,
संस्कारों के बोध से ही आगे निखरेगा इंसान।
रचनाकार : धीरज कुमार
प्रधान शिक्षक
प्रा० वि० मुशहर मुस्तफापुर,
प्रखंड – कांटी, जिला – मुजफ्फरपुर

