शादी की शहनाइयों में क्यों छिपा हुआ संताप?
जन्म से पहले ही बेटी, सहती क्यों अभिशाप?
कहते हैं—दुल्हन लक्ष्मी है, घर की शान अपार,
फिर क्यों उसकी साँसों पर, करते हो व्यापार?
दहेज की अग्नि है ज़हर, सजता कैसा मंडप?
हँसते चेहरे मुरझाते हैं, टूट जाता है संकल्प!
नाम जपते हो सभ्य समाज का, ऊँचे हों विचार,
पर बेटी के जन्म से पहले, क्यों काँपता परिवार?
रावण जब अत्याचार करे, जग करता था शोर,
आज दहेज के रावण से, क्यों न उठे हुंकार?
सीता-सी पावन नारी का, करते सब गुणगान,
पर उसके ही सम्मान पर, क्यों करते आघात?
जनक बनें वे आदर्श पिता, दशरथ धर्म महान,
राम-सिया की पावन गाथा, देती हमें पहचान।
उच्च सिंहासन पर बैठकर, बनते क्यों हम ज्ञानी?
जब अपने ही आँगन में, रोती है कल्याणी।
धन्य वही है माँ, जिसने राम-सा पुत्र जना,
धन्य वही घर होगा, जहाँ बेटी को मान मिला!
आओ मिलकर शपथ उठाएँ, बदलें यह व्यवहार,
बेटे-बेटी को एक समझें, सुंदर बने संसार।
जीतेन्द्र पासवान
(शिक्षक)
P.N.M. +2 H/S, चतुर्भुज पिपराही
मधुबनी (बिहार)

