Site icon पद्यपंकज

दीपोत्सव सत्य सनातन पर्व – धर्मेंद्र कुमार ठाकुर

Dharmendra Kumar Thakur

Dharmendra Kumar Thakur

दीपोत्सव सत्य सनातन पर्व – धर्मेंद्र कुमार ठाकुर

मिट्टी के दीयों से सजकर, महक उठा बाज़ार यहाँ,
छोटे-से तिनके से लेकर, फैला है संसार यहाँ।
झाड़-बुहारू बिकते देखो, मिट्टी की भी शान बढ़ी,
मेहनत की खुशबू से सुंदर, सजती यह हर एक घड़ी।
हीरे और जवाहरात भी, चमक रहे दुकानों में,
मोती की मालाएं सुंदर, गूँज रही हैं गानों में।
साइकिल की घंटी बजती, राहों में उमंग भरी,
चमचमाती कारों से है, सजी हुई यह गली-हरी।
गुड़ की भीनी-भीनी खुशबू, मन को सहज लुभाती है,
स्वादिष्ट बर्फियों की थाली, स्वाद नया दे जाती है।
इतना बड़ा त्योहार है आया, खुशियाँ हर घर छाई हैं,
लेन-देन और चहल-पहल की, सुंदर घड़ियाँ आई हैं।
सजा हुआ है कोना-कोना, बिकता सब सामान यहाँ,
रंग-बिरंगी रोशनी से, जगमग है आसमान यहाँ।
किन्तु अनूठी बात है इसकी, महिमा सबसे न्यारी है,
उत्सव की इस भीड़ में भी, करुणा की तैयारी है।
मजाल है कि इस पावन पर, कोई जीव सताया जाए,
किसी बेजुबान के जीवन पर, संकट कोई लाया जाए।
नहीं बहेगा रक्त किसी का, ना होगी कोई चीत्कार,
दया और करुणा से मिलकर, बनता है यह त्योहार।
अहिंसा का यह पावन पथ ही, जीवन का आधार यहाँ,
जीव-मात्र पर प्रेम लुटाना, असली है व्यवहार यहाँ।
हर प्राणी सुरक्षित घूमता, यही हमारी शान है,
यही तो हमारे सत्य सनातन, की सच्ची पहचान है।

धर्मेंद्र कुमार ठाकुर
प्राथमिक विद्यालय रेही टोला
रानीगंज अररिया

0 Likes
Spread the love
Exit mobile version