शिक्षा का उजियारा, स्वावलंबन का सहारा
बढ़ती जनसंख्या देख आवश्यकता घबराई,
वस्तुएँ कम, माँग अधिक, कैसी विपदा आई!
अर्थशास्त्र का नियम भी आज समझ में आया,
माँग बढ़ी, आपूर्ति घटी, महँगाई ने सिर उठाया।
महँगे सामान, महँगी शिक्षा, महँगे विचार,
जीवन की आवश्यकताओं का बढ़ता विस्तार।
गुणवत्ता घटती जाती, बढ़ती जाती चाह,
बेरोजगारी के अँधियारे में भटक रही है राह।
रोजगार के अवसर कम हैं, बढ़ती जाती भीड़,
शिक्षित युवाओं के सपनों में लगती कैसी पीड़!
ऐसे में शिक्षित बंधुओं को आगे आना होगा,
अपने कौशल और परिश्रम से नया मार्ग बनाना होगा।
कब तक दूसरों के दुख की व्याख्या करते जाएँ,
डूबते हुए सपनों को कब तक निहारते जाएँ?
कैसे उनके जीवन में आशा का संचार करें,
केवल सरकारी नौकरी से कैसे सबका उद्धार करें?
सरकार के अपने दायित्व हैं, अपनी सीमाएँ भी,
हर हाथ को काम मिले, चुनौतियाँ अनेक हैं अभी।
सभी को सरकारी नौकरी मिलना संभव नहीं,
परिश्रम और हुनर से राह बनाना असंभव नहीं।
सुगम कार्य सबको भाता, कठिन संघर्ष से डरते,
बिना तपे स्वर्ण कहाँ, बिना श्रम शिखर कहाँ चढ़ते?
नेहरू जी का संदेश रहा— “आराम हराम है”,
फिर क्यों श्रम से भागें हम, क्यों मन में विराम है?
शिक्षा का अर्थ केवल नौकरी की आस नहीं,
ज्ञान का उद्देश्य केवल पद और पहचान नहीं।
काबिल बनकर स्वयं रोजगार का सृजन करें,
रोजगार माँगने के साथ रोजगार देने का प्रण करें।
सरकारी पद ही योग्यता का अंतिम पैमाना क्यों,
निजी श्रम से अर्जित सम्मान को कम आँकना क्यों?
विवाह के रिश्तों में केवल सरकारी पद की माँग रहे,
निजी हुनर और स्वावलंबन को भी उचित सम्मान मिले।
कोई सरकारी सेवा में, कोई निजी क्षेत्र में,
कोई अपने हुनर से जुटा स्वरोजगार के क्षेत्र में।
किसी का अपना व्यवसाय, किसी का अपना कारोबार,
सबके श्रम से ही चलता है जीवन का संसार।
बेटी के लिए वर चुनते, पद और वेतन देखते,
उसके गुण, संस्कार, कर्मठता को क्यों नहीं परखते?
ईमानदारी, व्यवहार और काबिलियत पहचानें,
केवल सरकारी पद से व्यक्ति की कीमत न आँकें।
नौकरी छोटी-बड़ी नहीं, छोटा होता विचार नहीं,
श्रम से बढ़कर जग में कोई सम्मान का आधार नहीं।
पद अस्थायी हो सकता है, हुनर साथ निभाता है,
कर्मठ और स्वावलंबी जीवन में राह बनाता है।
घर-घर की बेरोजगारी का अँधियारा दूर भगाएँ,
अपने ज्ञान और कौशल से आशा के दीप जलाएँ।
आओ, शिक्षा को हुनर बनाएँ, कर्मठ कारीगर बनें,
अपने श्रम की शक्ति से स्वावलंबन का आधार बनें।
किसी को हुनर सिखाएँ, किसी को राह दिखाएँ,
किसी के सूने जीवन में उम्मीद के फूल खिलाएँ।
निर्धन के घर शिक्षा का उजियारा पहुँचाएँ,
ज्ञान और कौशल से उनके जीवन में सवेरा लाएँ।
दूसरों के आँसू पोंछें, उनके सपनों को सँवारें,
अपने श्रम की रोशनी से अँधियारे को उतारें।
नौकरी पाने वाला ही शिक्षित कहलाए, यह बात नहीं,
रोजगार देने वाला बने, इससे बड़ी सौगात नहीं।
आओ, मिलकर ऐसा समाज बनाएँ,
जहाँ ज्ञान और श्रम का सम्मान बढ़ाएँ।
हर हाथ हुनरमंद हो, हर घर में उजियारा हो,
स्वावलंबी युवा ही विकसित भारत का सहारा हो।
शिक्षा से सामर्थ्य, श्रम से सम्मान,
स्वावलंबन से बनेगा देश महान!
स्वरचित रचनाकार:-
उमेश कुमार सिन्हा “निर्देशक”
डिसेंट एकेडमी वाया स्कूल रघुनाथपुर
तुलसी पथ लालापुल रघुनाथपुर
अंचल – ब्रह्मपुर
जिला – बक्सर

