Site icon पद्यपंकज

स्वाभिमान की राह – धर्मेंद्र कुमार ठाकुर

Dharmendra Kumar Thakur

Dharmendra Kumar Thakur

स्वाभिमान की राह – धर्मेंद्र कुमार ठाकुर

“प्रमाण की कोई चाह नहीं, मैं कौन हूँ और कैसा हूँ,
यह जग तो बस उतना जाने, जितना मैं उसके जैसा हूँ।
जब तक स्वार्थ सिद्ध होता है, तब तक मैं अति पावन हूँ,
मतलब का मौसम बीत गया, तो मैं पतझड़ सा सावन हूँ।
लोग परखते अपनी औकात, और मतलब के पैमाने से,
रिश्ते यहाँ बदल जाते हैं, पल भर के बहाने से।
हित सधता तो देव-तुल्य हूँ, अनहित होते ही अभिशाप,
स्वार्थ-सिद्धि की इस नगरी में, पुण्य भी बन जाता है पाप।
परवाह नहीं अब फैसलों की, ना दुनिया की राय की,
छोड़ दिया है पीछा मैंने, इस झूठी वाह-वाह की।
कांच के महलों में रहकर भी, दिल ये मेरा अब डोला नहीं,
सत्य मार्ग पर अड़ा रहा मैं, झूठ कभी भी बोला नहीं।
भीड़ पसंद को तजकर मैंने, अपना एक मुकाम चुना,
तन्हा रहकर जीना सीखा, सच का सुंदर ताना-बुना।
उसूलों की इस तन्हाई में, मन को असीम आराम मिला,
भीड़ में रहकर खोने से तो, अकेले चलना काम मिला।
झुकना सीखा नहीं कभी भी, चाहे आए कोई तूफ़ान,
अपने ही सिद्धांतों से है, इस जीवन की असली शान।
अकेला खड़ा हूँ राहों में पर, अंतरमन में है उजियारा,
खुद के ही स्वाभिमान से मैंने, जीवन का यह रूप संवारा।”

धर्मेंद्र कुमार ठाकुर
प्राथमिक विद्यालय रेही टोला
रानीगंज अररिया

1 Likes
Spread the love
Exit mobile version