Site icon पद्यपंकज

सृजन और विनाश – धर्मेंद्र कुमार ठाकुर

Dharmendra Kumar Thakur

Dharmendra Kumar Thakur

सृजन और विनाश – धर्मेंद्र कुमार ठाकुर

जो घर जलाते हैं, उनकी मर्यादा घट जाती है,
द्वेष की आँच से हर वस्तु सिमट जाती है।
आग लगाने वाले की महिमा कभी नहीं बढ़ती,
सुलगती चिंगारी स्वयं उसी को जला जाती है।
माचिस की तीली सा होता है उसका अस्तित्व,
दूजों को फूँक कर स्वयं भी भस्म हो जाता है।
क्षणभर की चमक में वह इतराता तो बहुत है,
पर बुझने के बाद अँधेरों में खो जाता है।
जो बोते हैं काँटे राहों में दूसरों के लिए,
एक दिन उन्हीं शूलों से लहूलुहान होते हैं।
विनाश का बीज बोने वाले कभी सुख नहीं पाते,
अपने ही कर्मों के बोझ तले दबकर रोते हैं।
क्रोध और ईर्ष्या की ज्वाला केवल राख देती है,
इससे न तो मन शांत होता है, न जीवन सँवरता है।
जो दूसरों के आँगन में अँधेरा फैलाने चलता है,
उसके अपने ही जीवन का सूर्य सदा ढलता है।
जो जोड़ते हैं हृदयों को, वही पूजे जाते हैं,
उपचार करने वाले ही इतिहास रच जाते हैं।
बस्ती उजाड़ने वालों का नाम मिट जाता है,
और दीप जलाने वाले युगों तक चमक जाते हैं।
सृजन की राह पर चलने वाले ही अमर होते हैं,
प्रेम के अमृत से वे हर घाव को भर देते हैं।
जहाँ विघटन की आँधियाँ सब कुछ उड़ा ले जाती हैं,
वहीं सद्भाव के वृक्ष सबको शीतल छाया देते हैं।
नफ़रत की दीवारें एक दिन ढह ही जाती हैं,
पर स्नेह के सेतु सदा अडिग खड़े रहते हैं।
मिट जाते हैं वे जो दूसरों को मिटाने आते हैं,
और जीवन देने वाले हर हृदय में बसे रहते हैं।

धर्मेंद्र कुमार ठाकुर। प्राथमिक विद्यालय रेही टोला
रानीगंज अररिया

0 Likes
Spread the love
Exit mobile version