Site icon पद्यपंकज

अदृश्य चेतना-धर्मेंद्र कुमार ठाकुर।

Dharmendra Kumar Thakur

Dharmendra Kumar Thakur

अदृश्य चेतना
अजर अमर है आत्मा अगर, तो कैसा नरक का दण्ड है?
क्या स्वर्ग और नरक की बातें, केवल एक भ्रम प्रचण्ड है?
जो कटती नहीं, जो मरती नहीं, वो कैसे कष्ट पाएगी?
इस देह की नश्वर माया में, यह चेतना कहाँ खो जाएगी?
वास्तव में यह काया हमारी, तीन रूपों में ढली है,
स्थूल, सूक्ष्म और कारण की, अद्भुत यह कली है।
स्थूल शरीर की पाँच कर्मेन्द्रियाँ, करतीं जग का काम,
इसी दृश्य संसार में रचतीं, अपना रूप और नाम।
सूक्ष्म शरीर का काम निरंतर, केवल चिंतन करना है,
मन, बुद्धि, चित्त, अहंकार से, इसका घट भरना है।
और कारण शरीर जुड़ा है, सीधे हमारे स्वभाव से,
अच्छे और बुरे का द्योतक, कर्मों के प्रभाव से।
फिर सोचो इस आत्मा का, इस जग में क्या काम है?
क्या इसे ऊर्जा कह सकते, जिसका अनन्त नाम है?
जैसे बिजली तारों में बहकर भी, आँखों से दिखती नहीं,
वैसे ही आत्मा इस देह में रहकर भी, कभी सामने टिकती नहीं।
यह देह तो बस एक चोला है, जो बदलता रहता रूप यहाँ,
पर आत्मा तो निर्लिप्त खड़ी, जैसे छाँव और धूप यहाँ।
न इसे कोई बाँध सके, न शस्त्र कोई काट पाए,
यह आदि-अन्त से परे सदा, जो हर बंधन से छूट जाए।
जो संचालक है इस जीवन का, वह अदृश्य एक प्रकाश है,
इस नश्वर मिट्टी की काया में, वह शाश्वत का अहसास है।
जब तक यह भीतर बसती है, तब तक ही जीवन का स्पंदन है,
इसके जाते ही शांत सब, फिर तो केवल माटी का क्रंदन है।
धर्मेंद्र कुमार ठाकुर। प्राथमिक विद्यालय रेही टोला
रानीगंज अररिया

0 Likes
Spread the love
Exit mobile version