Site icon पद्यपंकज

एक दीया अंतस का – रत्ना प्रिया

Ratna Priya

रत्ना प्रिया

एक दीया अंतस का – रत्ना प्रिया

एक दीया अंतस का जो, दिव्यता का भाव जगा दे,
इर्ष्या व द्वेष मिटा दे सद्भावना व प्रेम उमगा दे।

काया बनी पंचतत्वों से, मिट्टी के दीये की भाँति
स्नेह, करूणा, सद्भावना से है निरन्तर जगमगाती
उस असीम का तेज पाकर जीवन दीपक जगमगा दे।
एक दीया अंतस का जो, दिव्यता का भाव जगा दे।

किसलिए आए धरा पर क्षण-क्षण हम यह भाव न भूलें
धन, ऐश्वर्य व मोह जाल में, आडंबर में न फूलें
हो वरद्हस्त सदा शीश पर, प्रभुसत्ता की लगन लगा दे।
एक दीया अंतस का जो, दिव्यता का भाव जगा दे।

द्वेष, कपट-छल करनेवाले, कहाँ सुख की निद्रा पाते,
झूठ, दिखावा, शानो-शौकत पर स्वयं को निर्जन पाते,
स्नेह-घृत व प्रेम की बाती, कलुषता का भाव भगा दे।
एक दीया अंतस का जो, दिव्यता का भाव जगा दे।

दीप जलाएँ इस धरा पर, घने तम का भाव मिटा दें,
सुखी-समृद्ध् सतोषी जीवन, परिश्रम का पाठ पढ़ा दें,
कर्म पथ के वीर पथिक को, मंजिल पथ से कौन डिगा दे।
एक दीया अंतस का जो, दिव्यता का भाव जगा दे।

रत्ना प्रिया
शिक्षिका (11 – 12 हिन्दी )
उच्च माध्यमिक विद्यालय माधोपुर
चंडी, नालंदा

0 Likes
Spread the love
Exit mobile version