उम्र के पायदान दर पायदान चढ़ते पिता
पहले से थोड़ा अधिक सुस्ताते हैं
मगर जिद पर अड़े हुए वह
उम्र को धता बनाने की कोशिश में
अधिक आत्मविश्वासी बन जाते हैं।
अनुभवों के पिटारे से रोज दो चार
नए अनुभवों से रूबरू करवाते पिता
थक कर भी नही थकते
धुन के पक्के,किस्मत बदलते अपने कर्मो से
थोड़ा अधिक आशावादी बन जाते हैं।
आसान नही होता उनके साँचे को बदलना,
आसान नही होता उनके साँचे में ढलना,
पीढ़ियों के अंतर को समझकर भी
अपने समय की गाँठ बाँधकर
नए समय के साथ तारतम्य बिठाते हैं।
थोड़ा अधिक अनुशासित,
थोड़ा अधिक संयमित
कभी कभी बच्चे सरीखे बनकर
जिंदगी से नए अनुभव लेकर
जिंदादिली से जिंदगी को बिताते हैं।
रूचिका
राजकीय प्राथमिक विद्यालय कुरमौली गुठनी सिवान बिहार
0 Likes

