उम्मीदों के नवदीप जलाएं – बेबी अर्चना
जगमग हो रही दीवाली की ये रात
लग रहा यूँ निकली तारों की बारात
धरा-गगन गा रहे शुभ मंगल गान
प्रकृति की तो यह अनुपम सौगात
बुझ गए हैं जिनके घरों के चिराग
घर उनके भी आशा के दीप जलाएँ
……….उम्मीदों के नवदीप जलाएँ
उर आच्छादित ईर्ष्या- क्रोध-अहम
चाहकर भी मिटा ना पाए ये हम
घृणा, द्वेष और कलुषित भाव संग
भर गया अंतस तक तिमिर सघन
बुझे -बुझे से हैं जो आश के दीपक
अंतर्मन आलोकित कर उसे जलाएँ
……….उम्मीदों के नवदीप जलाएँ
क्यों तमाच्छादित हो गया मन
विहँस विहँस पूछे अबोल-नयन
निस्तेज हो गई क्यों संपूर्ण धरा
क्यों कलुषित हुआ अथाह गगन
मन-मंदिर की संचित निधि संग
संग आओ आत्म चिंतन कर जाएँ
……….उम्मीदों के नवदीप जलाएँ
पाषाण सी हो रही मन की ज़मीं
उम्मीदी किरणें अब भी न थमी
मन अधीर पर सर्वस्व समर्पित
ऊहापोह संग, जाने क्या कमी
करने तेरी चतुर्दिक राह रौशन
लो दीपक बन खुद जल जाएँ
…………..उम्मीदों के नवदीप जलाएँ
सद्भाव सुमन हो पुष्पित-पल्लवित
अवनि-अंबर हो हर्षित-पुलकित
सर्वत्र तिरोहित करें भाव कलुषित
ज्ञानदीप से करें सर्वस्व प्रज्ज्वलित
विश्वशांति का कर समावेश अंतस
मानवता के अगणित पुष्प खिलाएँ
……………उम्मीदों के नवदीप जलाएँ
इस दीपोत्सव हम लें यही प्रण
सद्भाव फैलाए, तज विकार-वमन
करें घर-आँगन औ’ बाग सुशोभित
सदविचारों से करें जन-जन जागरण
कर प्रसुप्त चेतना जागृत-सज्जित
आत्म- परमात्म का बोध कराएँ
…………..उम्मीदों के नवदीप जलाएँ
है प्रकृति का पग-पग उपकार
अब जीवन से कर लें अभिसार
निष्कलुष निर्भय सभ्यता अपनी
जन- जन की यह करूण पुकार
संयमित वाणी के निर्मल नीर से
घर उपवन प्रेम के पुष्प खिलाएँ
…………उम्मीदों के नवदीप जलाएँ
बेबी अर्चना
मध्य विद्यालय कुआड़ी
प्रखंड कुर्साकांटा जिला अररिया

