बाल दिवस : बालमन का सम्मान – उमेश कुमार सिन्हा
शिक्षक दिवस पर शिक्षक का सम्मान,
बाल दिवस पर बच्चों का गुणगान।
एक ने गुरु की गरिमा बढ़ाई,
दूजे ने बाल महिमा समझाई।
चौदह नवंबर का पावन दिन,
बालमन में भरता नया यकीन।
नेहरू जी के जन्मदिवस पर,
बच्चों का सम्मान हो हर घर।
बच्चे केवल आज नहीं हैं,
कल के भारत की पहचान हैं।
घर-परिवार, समाज, गाँव से,
जिला, राज्य और देश की शान हैं।
बचपन को बचपन का अधिकार मिले,
हर बच्चे को उचित संस्कार मिले।
पोषणयुक्त भोजन, स्वस्थ शरीर,
शिक्षा से जगमग हो तकदीर।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का ज्ञान मिले,
स्नेह, सुरक्षा और सम्मान मिले।
शोषण, भेदभाव की राह रुके,
हर बच्चे का बचपन सुरक्षित रहे।
कोई प्रतिभा में आगे होता,
कोई सीखने में समय लगाता।
कोई तन से बलवान दिखाई दे,
कोई मन से संघर्ष निभाता।
हर बालक एक समान नहीं है,
हर मन की अपनी उड़ान कहीं है।
शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक क्षमता,
सबकी अपनी अलग विशेषता।
उनकी भावनाओं को समझें,
उनके मन की भाषा परखें।
प्रेम से उनका विश्वास जीतें,
न कि भय दिखाकर अधिकार जताएँ।
डाँट नहीं, संवाद जरूरी,
स्नेह भरी हो शिक्षा पूरी।
उनके प्रश्नों को मान दें,
सपनों को खुला आसमान दें।
बच्चों पर अपनी इच्छा न थोपें,
उनकी प्रतिभा के द्वार न रोकें।
उनकी रुचि और क्षमता पहचानें,
उनके सपनों को अपना मानें।
बचपन की मुस्कान न छिने,
कोई प्रतिभा अभाव में न दबे।
हर बच्चे को अवसर मिले,
मेहनत से आगे बढ़ने का फल मिले।
बाल दिवस केवल उत्सव नहीं,
केवल मिठाई का वितरण नहीं।
यह संकल्पों का शुभ अवसर है,
बच्चों के अधिकारों का आदर है।
आओ मिलकर अलख जगाएँ,
हर बच्चे का भविष्य बनाएँ।
बच्चों का सम्मान जहाँ होगा,
वहीं राष्ट्र का उत्थान होगा।
बालमन का सम्मान करें,
आओ उज्ज्वल राष्ट्र का निर्माण करें।
स्वरचित रचनाकार:-
उमेश कुमार सिन्हा निर्देशक
डिसेंट एकेडमी वाया स्कूल रघुनाथपुर
बिहार सरकार द्वारा पूर्णतः स्वीकृत विद्यालय
तुलसी पथ लालापुल रघुनाथपुर अंचल- ब्रह्मपुर, जिला बक्सर

