स्नेह का बंधन: भाई दूज
कार्तिक मास की पावन बेला, खुशियों का पैगाम है लाया,
दीपावली के उत्सव के पीछे, भाई दूज का पर्व है आया।
रक्षाबंधन जैसा ही पावन, यह दूजा त्यौहार है,
भाई-बहन के निश्चल मन का, इसमें छुपा दुलार है।
द्वार खड़ी बहनें राह निहारें, भाई को घर बुलाती हैं,
गोबर से यमराज-परिवार बना, श्रद्धा से शीश झुकाती हैं।
लगा तिलक भाई के माथे, लंबी उम्र का वर पाती हैं,
प्रेम-भाव से भोजन करवा, अगाध स्नेह बरसाती हैं।
सूर्यपुत्र यमराज अचानक, जब यमुना के द्वारे आए,
देख भ्राता को सम्मुख अपने, यमुना जी मन में हर्षाए।
आदर-सत्कार किया आतिथ्य का, प्रेम का सुंदर भोजन परोसा,
खुश होकर यमराज ने तब, दिया बहन को एक भरोसा।
मांगो वर जो मांगना चाहो, यमराज ने स्नेह से कहा,
यमुना बोलीं—”हर कार्तिक द्वितीया, आना तुम बस यहीं महा।
जो बहन लगाए तिलक भाई को, आदर से भोजन करवाए,
उसे और उसके भाई को, कभी यम का भय सता न पाए।”
‘तथास्तु’ कह यमराज सिधारे, अमर हुई यह सुंदर रीत,
यम के भय से मुक्ति दिलाती, भाई-बहन की पावन प्रीत।
बढ़ता भाई का जीवन इससे, बहन का सौभाग्य संवर जाता,
अटूट प्यार का यह पावन बंधन, सदियों से है मान बढ़ाता।
बचपन से जो रखे फिक्र, वो भाई सबसे न्यारा है,
रक्षाबंधन सा ही पावन, भाई दूज का यह नजारा है।
छोटा सा ही सही पर बहनें, भाई को एक उपहार दें,
सदा सलामत रहे यह रिश्ता, दिल से ऐसा सत्कार दें।
धर्मेंद्र कुमार ठाकुर
प्राथमिक विद्यालय रेही टोला
रानीगंज अररिया
स्नेह का बंधन: भाई दूज – धर्मेंद्र कुमार ठाकुर

Dharmendra Kumar Thakur
0 Likes
