राष्ट्र की नींव: बचपन – धर्मेंद्र कुमार ठाकुर
हर बच्चे का हक है शिक्षा, हो सर्वांगीण विकास यहाँ,
मुफ्त और अनिवार्य ज्ञान से, रोशन हो सारा जहाँ।
किताबों के संग खेलकूद हो, सृजनशीलता का भी मान,
चाचा नेहरू के सपनों का, यही रहा है सुंदर गान।
रक्षा हो अधिकारों की अब, मिटे शोषण और अत्याचार,
बाल श्रम औ’ हिंसा का जग में, बंद हो हर एक व्यापार।
भेदभाव की दीवारें सब, मिलजुल कर हम आज गिराएं,
हर बचपन को खुलकर जीने, का पूरा अधिकार दिलाएं।
सुरक्षित हो परिवेश सभी का, मिले सही पोषण, आहार,
बेहतर स्वास्थ्य सुविधा पाकर, खिले नन्हे फूलों की बहार।
यह पावन दिन याद दिलाता, हम सबको अपनी जिम्मेदारी,
स्वस्थ और खुशहाल बचपन से, महकेगी यह दुनिया सारी।
आज के ये नन्हे मुन्ने ही, कल के जिम्मेदार नागरिक हैं,
संस्कार, आत्मविश्वास, जिज्ञासा, ही जीवन के पथिक हैं।
मजबूत राष्ट्र की नींव यही हैं, इन्हें प्यार से हम संवारें,
बाल दिवस के शुभ अवसर पर, सुनहरा भविष्य निखारें।
आओ मिलकर संकल्प लें हम, हर आंगन में दीप जलाएं,
बचपन की इन किलकारियों से, सारा जग खुशहाल बनाएं।
हर बच्चे के कोमल मन में, अच्छे विचार और मूल्य भरें,
अंधकार के बादल छांटें, प्रकाश से जीवन को भरें।
हैं ये देश के भावी कर्णधार, इनमें अनंत संभावना है,
सफल और सुखमय हो जीवन, यही हमारी कामना है।
नए युग का निर्माण करेंगे, जब ये आगे कदम बढ़ाएंगे,
भारत माता के भाल पर ये, गौरव का तिलक लगाएंगे।
धर्मेंद्र कुमार ठाकुर।
प्राथमिक विद्यालय रेही टोला
रानीगंज अररिया

