पद्यपंकज Bhawna,Deshbhakti,padyapankaj,Teachers Of Bihar,ToB PadhyaPankaj राष्ट्र-चेतना की स्वर्णिम संकल्प-धर्मेंद्र कुमार ठाकुर

राष्ट्र-चेतना की स्वर्णिम संकल्प-धर्मेंद्र कुमार ठाकुर


Dharmendra Kumar Thakur

लेख सुनें तैयार

।। राष्ट्र-चेतना की स्वर्णिम संकल्प ।।
पुष्प की उस अभिलाषा से,
एक नया संकल्प जगा है।
मातृभूमि के गौरव का,
मन में पावन भाव जगा है॥
शताब्दियों की गहरी निद्रा से,
अब भारत देश जागा है।
सज सँवर कर आगे बढ़ने का,
एक नया चाव जगा है॥
अब न झुकेगा, अब न रुकेगा,
अपने पैरों पर खड़ा हुआ।
तकनीक और विज्ञान की ताकत से,
संकल्प हमारा बड़ा हुआ॥
मेक इन इंडिया का नारा गूंजे,
हर हाथ को अब काम मिले।
विश्व पटल पर भारत माँ को,
फिर से ऊँचा नाम मिले॥
गगन चीर कर आगे बढ़ता,
चंद्र-मंगल पर कदम धरा।
अंबर की गहराइयों को नापे,
शौर्य से भरी यह वसुंधरा॥
नवाचार और शोध के दम पर,
युवा हमारा डोला है।
सत्य, ज्ञान और कर्म के बल पर,
नया भविष्य अब खोला है॥
भेदभाव की दीवारें टूटे,
सबका साथ और विकास यहाँ।
गाँव-शहर सब मिलकर चलें,
ऐसा सुंदर प्रकाश यहाँ॥
अशिक्षा और गरीबी मिटे,
हर चेहरे पर मुसकान खिले।
न्याय और समता की छांव में,
हर एक को सम्मान मिले॥
‘वसुधैव कुटुंबकम्’ का मंत्र हमारा,
हम शांति के पैगामी हैं।
युद्ध नहीं, बुद्ध की राह पर चलते,
हम करुणा के अनुगामी हैं॥
पर्यावरण की रक्षा का संकल्प लिए,
धरती को स्वर्ग बनाना है।
भारत की इस अभिलाषा से,
जग का कल्याण कराना है॥
आओ मिलकर हाथ बढ़ाएँ,
नव इतिहास रच जाएँ हम।
कोटि-कोटि कंठों से मिलकर,
भारत माँ का यश गाएँ हम॥
पूर्ण हो अभिलाषा इसकी,
यह देश हमारा आगे बढ़े।
सत्य, प्रेम और न्याय के पथ पर,
विजयी होकर नित्य चढ़े॥

                        धर्मेंद्र कुमार ठाकुर
                  प्राथमिक विद्यालय रेही टोला
                          रानीगंज अररिया
0 Likes
Spread the love

Leave a Reply