Site icon पद्यपंकज

भैयादूज धर्मराज चित्रगुप्त महाराज महिमा: कलम से कर्मों के न्याय तकउमेश कुमार सिन्हा “निर्देशक

Umesh kumar sinha

भैयादूज धर्मराज चित्रगुप्त महाराज महिमा: कलम से कर्मों के न्याय तक

सूर्यपुत्र यमराज एक दिन बहन यमुना के घर आए थे,
बहन ने प्रेमपूर्वक उन्हें भोजन के लिए बुलाए थे।
आदर-सत्कार और स्नेह से बहन ने थाल सजाया था,
भाई के माथे तिलक लगाकर प्रेम का दीप जलाया था।

बहन के इस अनुपम प्रेम से यमराज हर्षित हुए,
प्रसन्न होकर बहन को वरदान देने हेतु तत्पर हुए।
जो भाई इस दिन बहन के घर भोजन करने आएगा,
उपहार भेंटकर बहन का आशीर्वाद जो पाएगा।

यमभय से मुक्त रहे, जीवन में मंगल छाएगा,
भाई-बहन का प्रेम सदा और प्रगाढ़ हो जाएगा।
इसी वरदान की पावन कथा का जग में मान हुआ,
भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक भैया दूज का पर्व महान हुआ।

न धन-दौलत, न उपहार ही प्रेम का मोल बताते हैं,
बहन की दुआ और भाई का स्नेह रिश्तों को महकाते हैं।
यमद्वितीया का पर्व हमें यही संदेश सुनाता है,
भाई-बहन का पवित्र प्रेम जीवन भर साथ निभाता है।

शिव प्रेरणा से धर्मराज के दरबार में कर्मों का लेखा ::–

महादेव की प्रेरणा से एक विधान बनाया था,
धर्मराज के दरबार में कर्मों का लेखा सजाया था।
चित्रगुप्त महाराज को यह दायित्व महान मिला,
हर जीव के कर्मों का निष्पक्ष हिसाब लिखने का काम मिला।

कौन स्वर्ग का अधिकारी, कौन नरक का भागी होगा,
कर्मों के ही आधार पर उसका निर्णय होगा।
पुण्य-पाप का लेखा रखकर न्याय का मार्ग दिखाते हैं,
जीवों के कर्मों के अनुसार धर्मराज को बताते हैं।

न जाति का भेद, न धन का अभिमान,
कर्मों से ही निर्धारित होता जीव का सम्मान।
धर्मराज के दरबार में सत्य का विधान चलता है,
चित्रगुप्त की लेखनी से कर्मों का हिसाब बनता है।

कार्तिक मास की शुक्ल द्वितीया, पर्व बड़ा महान है,
यमद्वितीया के पावन दिन, चित्रगुप्त का सम्मान है।
पूजा करने से पहले भक्तों, इनकी महिमा जानो,
कौन हैं चित्रगुप्त महाराज, इनका इतिहास पहचानो।

कलम, दवात, गंगाजल, पुष्प, धूप और चंदन चढ़ाना है,
रोली, अक्षत, फल-नैवेद्य से प्रभु का पूजन करना है।
लेखनी और दवात के देवता, श्रद्धा से शीश झुकाना है,
ज्ञान, बुद्धि और सदाचार का आशीष उनसे पाना है।

ब्रह्माजी ने सृष्टि रची, विस्तार अपार बनाया था,
जीव-जगत के कर्मों का लेखा रखने का विचार आया था।
सृष्टि के इस महान कार्य में एक विशेष शक्ति की चाह हुई,
ब्रह्मा की काया से तब दिव्य विभूति प्रकट हुई।

नाम चित्रगुप्त रखा गया, दायित्व महान दिया,
जीवों के कर्मों का लेखा रखने का विधान दिया।
काया से उत्पन्न हुए, कायस्थ नाम से विख्यात हुए,
लेखन, ज्ञान और न्याय के प्रतीक बनकर स्थापित हुए।

महाकाल की नगरी उज्जयिनी का पावन प्रसंग निराला है,
शिव की नगरी में यमराज के संग चित्रगुप्त जी का मंदिर भी मतवाला है।
इनके मंदिर में केवल कलम दवात कागज़ चढ़ाई जाती है
धर्मराज के दरबार में इनका स्थान महान है,
हर जीव के कर्मों का लेखा रखना इनका काम है।

न कोई छोटा, न कोई बड़ा, न जाति-पाति का भेद,
कर्मों के आधार पर होता है न्याय का निर्णय निष्पक्ष।
पुण्य और पाप का लेखा, कलम से दर्ज करते हैं,
धर्मराज के न्याय-विधान में सत्य का मार्ग दिखाते हैं।

भीष्म पितामह ने एक दिन पुलस्त्य मुनि से प्रश्न किया,
कौन हैं कायस्थ और चित्रगुप्त, इनकी महिमा का वर्णन किया?
इनकी उत्पत्ति कैसे हुई, इनका क्या विधान है?
इनकी पूजा कैसे होती है, क्या इनका महान काम है?

पुलस्त्य मुनि ने प्रेमपूर्वक चित्रगुप्त की कथा सुनाई,
उनके प्राकट्य और महिमा की पूरी गाथा बताई।
पूजा-विधान और महत्त्व का जब ज्ञान उन्हें कराया,
भीष्म ने श्रद्धा-भक्ति से चित्रगुप्त को शीश नवाया।

चित्रगुप्त महाराज ने उनकी भक्ति से प्रसन्न होकर,
इच्छामृत्यु का वरदान दिया कृपा का अमृत घोलकर।
जब तक स्वयं मृत्यु का स्मरण न करेंगे भीष्म महान,
तब तक मृत्यु भी छू न सकेगी, मिला ऐसा वरदान।

यह कथा हमें सिखाती है, भक्ति का कितना मान है,
सच्ची श्रद्धा और समर्पण का अपना अलग स्थान है।
कलम-दवात की पूजा में छिपा ज्ञान का उजियारा है,
सत्य-कर्म और न्याय का संदेश यही सबसे प्यारा है।

हे चित्रगुप्त महाराज! हम सब पर कृपा बरसाना,
सत्य, न्याय और सदाचार का जीवन-पथ दिखलाना।
हमारी कलम कभी असत्य का साथ न निभाए,
हमारा कर्म किसी निर्दोष को कष्ट न पहुँचाए।

मन में दया, वाणी में मधुरता, कर्मों में ईमान रहे,
हर मानव के हृदय में सत्य और धर्म का स्थान रहे।
यमद्वितीया का पावन पर्व यही संदेश सुनाता है,
मनुष्य का जीवन उसके कर्मों से पहचाना जाता है।

आओ मिलकर दीप जलाएँ, अज्ञान का तम हर लें,
सत्य, धर्म और न्याय का संकल्प हृदय में भर लें।
चित्रगुप्त महाराज की महिमा घर-घर तक पहुँचाएँ,
कर्मों की पवित्र लेखनी से सुंदर संसार बनाएँ।

जय श्री चित्रगुप्त महाराज!
जय यमद्वितीया पर्व!

उमेश कुमार सिन्हा “निर्देशक”
डिसेंट एकेडमी वाया स्कूल रघुनाथपुर
तुलसी पथ लाला पुल रघुनाथपुर
अँचल – ब्रह्मपुर, जिला बक्सर

0 Likes
Spread the love
Exit mobile version