आपका ब्राउज़र Text-to-Speech सपोर्ट नहीं करता।

संकल्प
आओ मिलकर करें स्वागत
आया नया साल है,
उम्मीदों के दीप जले हैं
लाए खुशियाँ हजार है।
भेद-भाव, द्वेष, तिमिर, तम
सभी बुराइयों का नाश हो,
प्रफुल्लित हो सबका जीवन
जीवन में खुशियाँ अपार हो।
असफलता छू न सके
निराशा का नाम न हो,
करे परिश्रम मिलकर सभी
सफलता का अम्बार हो।
आओ मिलकर करें स्वागत
आया नया साल है,
उल्लास और आनंद से भरा
सहज, सरल हो सबका जीवन।
पराई पीर हरें हमसब
ऐसा हमारा अनुसंधान हो,
संस्कृति गर्व करे हम पर
ऐसा अपना परिधान हो।
आओ मिलकर करें संकल्प
सुकर्म की उठाएँ गांडीव,
तय करें अपना हम लक्ष्य
भविष्य को बनाएँ हम उज्ज्वल।
सदा काल के साथ चलें हम
साकार करें अपना हम स्वप्न,
सुख, समृद्धि आए जीवन में
देश को बनाएँ हम सशक्त।
आओ मिलकर करें स्वागत
आया नया साल है,
उन्नत हो, प्रोन्नत हो जीवन
लें संकल्प नया साल में।
भवानंद सिंह
शिक्षक
रानीगंज, अररिया

