आपका ब्राउज़र Text-to-Speech सपोर्ट नहीं करता।
ध्वज फहराइए- मनहरण घनाक्षरी (८-८-८-७)
नियमों का ध्यान कर,
सबका सम्मान कर,
सत्य गुणगान कर, तंत्र अपनाइए।
अपनों से मिलकर,
दुश्मन से लड़कर,
समरस बनकर, कदम बढ़ाइए।
शहीदों के नमन का,
हरे-भरे चमन का,
वतन के अमन का, नवपथ लाइए।
निज सह पराए को,
कमजोर सताए को,
दलित असहाय को, गले से लगाइए।।०१
देश के विकास हित,
सोचा करें आप नित,
रख मन पुलकित, ध्वज फहराइए।
जनता बनें न यंत्र,
राष्ट्र-रक्षा मूल मंत्र,
गणतंत्र शुभ तंत्र, दिवस मनाइए।
करें नहीं कोरी बात,
राष्ट्र-हित दिन-रात,
शत्रुओं को देना मात, वीरता दिखाइए।
भारती की करें जय,
जन-जन को अभय,
एक सुर एक लय, राष्ट्र-गान गाइए।।०२।।
रचयिता:- राम किशोर पाठक
प्रधान शिक्षक
प्राथमिक विद्यालय कालीगंज उत्तर टोला, बिहटा, पटना, बिहार।
संपर्क- 9835232978

