आपका ब्राउज़र Text-to-Speech सपोर्ट नहीं करता।
शीर्षक :- 🌞 छठ महापर्व : प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का महापर्व ‘:- उमेश कुमार सिन्हा ‘निर्देशक ‘
सूर्योपासना, लोकआस्था और प्रकृति का अनुपम संगम:-
सूर्यदेव की महिमा न्यारी, जग को जीवन देते हैं,
अपनी स्वर्णिम किरणों से धरती का आँचल भरते हैं।
उनकी ऊर्जा से प्रकृति में नवजीवन मुस्काता है,
सूनी धरती के आँगन में हरियाली लहराता है।
कश्यप-अदिति के पुत्र सूर्य, जग के पालनहार हैं,
सृष्टि के कण-कण में उनके तेज का विस्तार है।
उनकी किरणों से अन्न उगता, फल-फूलों में रस आता है,
उनकी ऊर्जा पाकर ही जीवन आगे बढ़ पाता है।
नदियाँ, पर्वत, खेत और जंगल, सबका रूप निखरता है,
सूरज की ऊष्मा पाकर ही मौसम अपना रंग बदलता है।
धरती के गर्भ से अन्न निकलता, बागों में फल आते हैं,
प्रकृति के ये अनमोल उपहार जीवन को महकाते हैं।
जिसकी ऊर्जा से जीव-जगत का जीवन पलता है,
जिसकी किरणों से प्रकृति का हर कोना खिलता है।
उस सूर्यदेव के प्रति आभार जताने का पर्व निराला है,
छठ महापर्व आस्था और समर्पण का उजियाला है।
षष्ठी मैया की महिमा का भी अद्भुत इतिहास है,
संतान-सुख और रक्षा का उनसे जुड़ा विश्वास है।
संतान की लंबी आयु और खुशहाली की कामना करते हैं,
माँ-बाप निर्जला व्रत रखकर श्रद्धा के दीप जलाते हैं।
प्रियव्रत राजा की कथा में षष्ठी देवी का गुणगान है,
देवसेना के रूप में उनका दिव्य प्राकट्य महान है।
संतान की रक्षा का वर देकर जग में मान बढ़ाया,
तभी से षष्ठी मैया का पूजन श्रद्धा से अपनाया।
राम-सीता की उपासना की लोकमान्यता भी प्रचलित है,
कार्तिक मास की सूर्य-साधना जन-जन में प्रतिष्ठित है।
महाभारत में सूर्यपुत्र कर्ण का अनुपम दान निराला,
सूर्यदेव को अर्घ्य देकर किया नमन मतवाला।
चार दिनों तक चलने वाला यह पर्व बड़ा सुहाना है,
नहाय-खाय से शुरू होकर खरना का विधान निभाना है।
संध्या अर्घ्य में अस्ताचलगामी सूर्य को शीश झुकाते हैं,
उषा अर्घ्य में उगते सूरज को श्रद्धा-सुमन चढ़ाते हैं।
नदी, सरोवर और घाटों पर आस्था का सागर बहता है,
व्रती के कठिन संकल्पों में श्रद्धा का दीपक जलता है।
दौरा, सूप, ठेकुआ, फल से अर्घ्य सजाया जाता है,
गन्ना, नारियल, नींबू से पूजा का थाल सजता है।
न कोई भेद, न कोई दूरी, सबका एक विधान है,
लोकआस्था के इस पर्व में समरसता की पहचान है।
स्वच्छ जल और निर्मल घाटों का संकल्प निभाते हैं,
प्रकृति के प्रति कृतज्ञता के सुंदर भाव जगाते हैं।
न सोने-चाँदी की चाह, न वैभव का उपहार है,
प्रकृति के प्रति आभार ही इस पर्व का आधार है।
सूर्य की ऊर्जा, धरती की उर्वरता का मान बढ़ाना है,
फल-फूल और अन्न के रूप में प्रकृति का प्रसाद पाना है।
हे सूर्यदेव! जग पर अपनी कृपा सदा बरसाना,
षष्ठी मैया! सब संतानों का मंगल सदा मनाना।
धरती हरी-भरी रहे, नदियों में निर्मल जलधारा हो,
हर घर में सुख, शांति और खुशियों का उजियारा हो।
आओ मिलकर प्रकृति के उपकारों का मान करें,
सूर्यदेव और षष्ठी मैया का श्रद्धा से गुणगान करें।
छठ केवल पूजा नहीं, कृतज्ञता का महान विचार है,
प्रकृति, परिवार और मानवता के प्रेम का त्योहार है।
जय छठी मैया! जय सूर्यदेव!
स्वरचित रचनाकार:-
उमेश कुमार सिन्हा ” निर्देशक”
डिसेंट एकेडमी वाया स्कूल रघुनाथपुर
तुलसी पथ लालापुल रघुनाथपुर अंचल- ब्रह्मपुर, जिला बक्सर

