आपका ब्राउज़र Text-to-Speech सपोर्ट नहीं करता।
संतुलन का दर्शन – धर्मेंद्र कुमार ठाकुर।
क्षणिक सुख का जाल है, विलासिता का रूप,
कभी छाँव सी शीतल यह, कभी जलाती धूप।
चार्वाक कहे यह सार है, जीवन का हर भोग,
पर उपनिषद समझा रहे, यह बंधन का रोग॥
अपरिग्रह का मार्ग ही, देता सच्चा ज्ञान,
लालच की इस दौड़ में, खोता है इंसान।
अरस्तू का संदेश है, मध्यम मार्ग सुहाय,
न अतिशय का मोह हो, न निर्धनता सताय॥
स्टोइक कहते मन रहे, सदा शांत और धीर,
बाहर के वैभव से कब, मिटती अंतर पीर।
सुख-सुविधा का मोल है, जब तक रहे विवेक,
अन्य जनों के कष्ट से, न हो स्वार्थ अभिषेक॥
प्रकृति और समाज का, हो न जहाँ नुकसान,
संयम से उपभोग ही, सच्चा नीति-विधान।
वही विलासिता श्रेष्ठ है, जो दे कला को मान,
मानवता के हित सधे, बढ़े जगत कल्याण॥
गांधी जी का मंत्र है, सादगी में ही सार,
मिटे विषमता जगत की, बढ़े प्रेम-व्यवहार।
बुद्ध सिखाते तृष्णा ही, सब दुखों का मूल,
भौतिकता की अंधी दौड़, मानवता की भूल॥
साधन बने विलासिता, कभी न बने यह साध्य,
संतुलन के सूत्र से, जीवन बने आराध्य।
अंतर का संतोष ही, सबसे बड़ा निधान,
त्याग और उपभोग से, सजे विश्व महान॥
धर्मेंद्र कुमार ठाकुर।
प्राथमिक विद्यालय रेही टोला
रानीगंज अररिया

