आपका ब्राउज़र Text-to-Speech सपोर्ट नहीं करता।
कलह या प्रेम – धर्मेंद्र कुमार ठाकुर
घर में जब भी कलह बढ़े, कोई न जीते हार।
सुख-शांति सब मिट चले, बिखरे सब परिवार।।
अहंकार की ज़िद बुरी, तज दे सब सम्मान।
अपनों से ही जीतकर, घटता निज का मान।।
कटु वाणी के बाण से, घायल होते प्राण।
आँगन की खुशियाँ मिटें, उजड़े सब निर्माण।।
क्रोध एक पल का करे, बरसों का विश्वास।
हँसता-खेलता घर बने, गहरे दुख का वास।।
खड़ी रहें दीवार सब, टूटें मन के तार।
रूठें सब मुस्कान सुख, बढ़े सदा तकरार।।
साथ बैठ हँसते सभी, आज चुराते नैन।
एक छत के नीचे रहें, पर न मिले कुछ चैन।।
वृद्ध नयन आँसू भरे, बालक मन में त्रास।
रोज़ जहाँ झगड़ा रहे, प्रभु न करें निवास।।
झूठी जीत मनाए क्या, सबका ही नुकसान।
अपने ही सीने लगे, अपने ही संधान।।
जीत-हार की होड़ में, सूना हो घर-द्वार।
मौन और सन्नाटा ही, बचे अंत में सार।।
समय रहते ही बुझा, क्रोध-अग्नि की ज्वाल।
झुककर-सहकर प्रेम से, घर को सदा संभाल।।
प्रेम, क्षमा और त्याग से, सजे भवन यह धाम।
जहाँ मान अपनों का हो, वहीं स्वर्ग विश्राम।।
धर्मेंद्र कुमार ठाकुर। प्राथमिक विद्यालय रेही टोला
रानीगंज अररिया

