पद्यपंकज padyapankaj,Teachers Of Bihar,ToB PadhyaPankaj महामना को शत-शत नमन-धर्मेंद्र कुमार ठाकुर

महामना को शत-शत नमन-धर्मेंद्र कुमार ठाकुर


Dharmendra Kumar Thakur

लेख सुनें तैयार

महामना को शत-शत नमन

हे भारत केरत्नअनमोल,हे युगद्रष्टामहामना,

तेरी पावन पुण्यतिथि पर, नमन करे यह देश घना।

तू स्वतंत्रता का सेनानी, स्वाभिमान की ज्वाला था,

गुलामी के अंधकार में, तू नव-चेतना उजाला था।

मातृभूमि की मुक्ति हेतु, तूने जीवन वार दिया,

हर कंठ में ‘सत्यमेव जयते’ का, पावन मंत्र उतार दिया।

वकील, पत्रकार, राष्ट्रनायक, हर रूप तेरा निराला था,

भारत माँ के चरणों में, तूने सर्वस्व संभाला था।

काशी की पावन धरती पर, तूने अद्भुत काम किया,

शिक्षा के महामंदिर का, नव-निर्माण महान किया।

घर-घर जाकर भिक्षा माँगी, न तनिक अभिमान किया,

काशी हिन्दू विश्वविद्यालय का, जग को अनुपम दान दिया।

ज्ञान और विज्ञान के संग, संस्कारों की धारा बहाई,

विश्व पटल पर भारत की, तूने फिर से साख जगाई।

रक्षा हेतु निज संस्कृति की, तू अटल हिमालय सा खड़ा रहा,

हिंदी और हिंदुत्व के हित में, हर बाधा से लड़ा रहा।

राष्ट्र-निर्माण की वेदी पर, अर्पित किया हर श्वास-प्रश्वास,

तेरे त्याग और तप से ही, लिखा गया स्वर्णिम इतिहास।

सदियों तक गूँजेगी तेरी, यह अमर कीर्ति-गाथा महान,

अविस्मरणीय रहेगा जग में, हे महामना तेरा योगदान।

तेरे आदर्शों के पथ पर, यह भारत नित बढ़ता जाए,

तेरी पावन स्मृति में, हर शीश श्रद्धा से झुक जाए।

नमन तुझे हे ज्ञान-सूर्य, नमन तुझे हे राष्ट्र-प्राण,

पुण्यतिथि पर अर्पित हैं, कोटि-कोटि श्रद्धा-सुमन महान।

 

धर्मेंद्र कुमार ठाकुर प्राथमिक विद्यालय रेही टोला

रानीगंज अररिया

0 Likes
Spread the love

Leave a Reply