पद्यपंकज padyapankaj,Teachers Of Bihar,ToB PadhyaPankaj,अनुभव मिथिला की घटकैती – धर्मेंद्र कुमार ठाकुर

मिथिला की घटकैती – धर्मेंद्र कुमार ठाकुर


Dharmendra Kumar Thakur

लेख सुनें तैयार

मिथिला की घटकैती – धर्मेंद्र कुमार ठाकुर

मिथिला की पावन धरती पर, यह रीति अनूठी चलती है,

‘घटकैती’ नाम सुहावन है, जिसमें परंपरा पलती है।

बन ‘घटक’ मध्यस्थ विवेकी जन, दो कुल के मध्य संवाद करे,

संस्कार, शील, मर्यादा का, हर पग पर पूर्ण निबाह करे।

पंजी की गहन परख होती, गोत्र और मूल मिलाए जाते,

अधिकार और वंशावली के, सब नियम-धर्म अपनाए जाते।

ताकि रिश्तों की शुचिता का, समाज में मान बना रह जाए,

मर्यादा की इस डोरी से, नव जीवन-पंथ सँवर जाए।

यह मात्र मिलन दो हृदयों का, नहीं माना जाता मिथिला में,

दो परिवारों के संगम की, पावन गाथा है मिथिला में।

पूर्वज की कीर्ति, कुल-गौरव, सब एक सूत्र में बँधते हैं,

तब जाकर शुभ विवाहों के, मंगलमय बंधन सजते हैं।

अब समय-चक्र ने करवट ली, तकनीक नया युग लाई है,

‘घटकैती’ भी अब ऐप और वेब के रूप में उभर कर आई है।

परंपरा की इस छाया में, डिजिटल ने पथ आसान किया,

सदियों की इस परिपाटी को, नव रूप और नव मान दिया।

बिहार, नेपाल तराई हो, या दूर देश प्रवासी जन,

इस मंच के माध्यम से जुड़ते, सब मैथिल कुल के वासी जन।

गोत्र-मूल, जनपद, क्षेत्र सभी, घर बैठे सहज मिलाते हैं,

समुदाय और कुल-रीति के, अनुकूल सुयोग बनाते हैं।

पारिवारिक खाते बनते हैं, बायोडाटा रच जाता है,

मर्यादा और निजता का भी, पूरा सम्मान निभाता है।

जब अनुमति दोनों ओर मिले, तब चित्र प्रदर्शित होते हैं,

गोपनीयता के कवच तले, शुभ भाव विकसित होते हैं।

कम समय, सुलभ संपर्क हुआ, विस्तार मिला है राहों को,

परदेस बसे परिवारों की, भी आस मिली है बाहों को।

प्रारंभिक छँटनी सहज हुई, गोत्र और मूल के मानक पर,

अब खोज सरलतम हो पाई, इस आधुनिकतम माध्यम पर।

पर ध्यान रहे हर सुविधा संग, कुछ प्रश्न भी सम्मुख आते हैं,

ऑनलाइन जग की राहों में, कई भ्रम भी पैर जमाते हैं।

जो तथ्य लिखे प्रोफ़ाइल पर, पंजी की जाँच ज़रूरी है,

पारिवारिक सत्य परखने की, हर सतर्कता पूरी है।

निज जानकारी या धन-संबद्ध, बातें न सहज उजागर हों,

सोशल मीडिया के आकर्षण में, कभी न मन के सागर हों।

तकनीक सहायक हो सकती, पर निर्णय पूर्ण नहीं होती,

बिन बड़ों की सीख-सलाह के, यह राह संपूर्ण नहीं होती।

पारंपरिक घटक की सूझ-बूझ, और डिजिटल की यह गति मिले,

विश्वास, विवेक, मर्यादा संग, हर आँगन में नव फूल खिले।

संस्कृति और आधुनिकता का, यह संगम मंगलकारी हो,

मिथिला की पावन परिपाटी, युग-युग तक यूँ ही प्यारी हो।

 

धर्मेंद्र कुमार ठाकुर।

प्राथमिक विद्यालय रेही टोला 

रानीगंज अररिया

0 Likes
Spread the love

Leave a Reply