आपका ब्राउज़र Text-to-Speech सपोर्ट नहीं करता।
अमरत्व का दान – धर्मेंद्र कुमार ठाकुर
अंगदान का महत्व महान, यही है जीवन का सच्चा दान।
आओ मिलकर यह प्रण उठाएं, अंगदान कर जीवन बचाएं।।
हृदय, फेफड़े, यकृत, किडनी, नेत्र और अग्नाशय प्यारे।
किसी जरूरतमंद के जीवन में, बन जाएं ये उजियारे।।
इस दिवस का यही है उद्देश्य, हर मन में जागृति लाना है।
मरीजों को नया जीवन देकर, मानवता का धर्म निभाना है।।
जाते-जाते इस दुनिया से, हम पुण्य कमाकर जा सकते हैं।
अंधियारे से घिरे किसी घर में, आशा का दीप जला सकते हैं।।
बुझती हुई किसी की सांसों को, फिर से नई रफ़्तार मिलेगी।
मुरझाए हुए चेहरों पर भी, खुशियों की फिर बहार खिलेगी।।
नेत्रदान से कोई अभागा, इस सुंदर जग को देख सकेगा।
हृदय धड़कने से फिर कोई, जीवन के पथ पर चल सकेगा।।
मिट्टी में मिल जाने से बेहतर, किसी के काम यह तन आए।
हम रहें न रहें इस धरती पर, पर हमारा अंश मुस्काए।।
आओ भ्रम और भय को त्यागें, इस महायज्ञ में हाथ बटाएं।
अंगदान का संकल्प लेकर, धरती को स्वर्ग बनाएं।।
धर्मेंद्र कुमार ठाकुर
प्राथमिक विद्यालय रेही टोला
रानीगंज अररिया

