आपका ब्राउज़र Text-to-Speech सपोर्ट नहीं करता।
मोक्षदायिनी माँ गंगे – धर्मेंद्र कुमार ठाकुर
जटाजूट शिव शंभू से निकली, पावन धारा कल्याणी।
हिमगिरि के उत्तुंग शिखर से, उतर धरा पर महारानी॥
देव लोक से चलकर आई, भगीरथ की तपस्या फल पाई।
तीनों लोकों को तारने वाली, जगजननी तुम कहलाई॥
कल-कल छल-छल मधुर नाद से, हरती सबके ताप-संताप।
तेरे निर्मल शीतल जल से, धुल जाते हैं जन्मों के पाप॥
गोमुख से लेकर सागर तक, बहती हो अमृत बन कर।
हर कण में बसता है जीवन, पावन हो जाता तन-मन॥
घाट-घाट पर गूंजे आरती, दीपों की माला सजती है।
तेरे पावन तट पर आकर, हर आत्मा तुझमें रम जाती है॥
ऋषि-मुनियों की तपोभूमि यह, तेरी गोद में पलती है।
सदियों से भारत की संस्कृति, तेरे ही संग चलती है॥
जन-जन की तुम जीवनदायिनी, मोक्षदायिनी सुखदायी।
कण-कण में है वास तुम्हारा, महिमा कही न जाई॥
अविरल बहती रहो सदा तुम, यही विनय है हे माता।
तेरी कृपा दृष्टि से ही तो, जग का संवरता है नाता॥
प्रयागराज के पावन तट पर, अद्भुत संगम का मेला।
गंगा, यमुना, सरस्वती का, मिलता यहाँ मधुर खेला॥
अक्षयवट की शीतल छाया, संत-महंतों का है वास।
अमृत कुंभ की इस धरती पर, पूर्ण होती सबकी आस॥
काशी के अर्धचंद्राकार घाटों की, निराली है यह शान।
मणिकर्णिका पर मोक्ष मिले तो, दशाश्वमेध पर गूंजे गान॥
संध्या बेला में दीप जलें जब, शंख और घड़ियाल बजें।
अस्सी से लेकर राजघाट तक, स्वर्ग लोक से दृश्य सजें॥
हर हर गंगे के जयकारों से, गूंज उठता है सारा गगन।
तेरी पावन गोद में आकर, धन्य हुआ है मानव जीवन॥
अविरल बहती रहो सदा तुम, यही विनय है हे माता।
तेरी कृपा दृष्टि से ही तो, जग का संवरता है नाता॥
धर्मेंद्र कुमार ठाकुर
प्राथमिक विद्यालय रेही टोला
रानीगंज अररिया

