पद्यपंकज padyapankaj,Teachers Of Bihar,ToB PadhyaPankaj समय और पुरुषार्थ – धर्मेंद्र कुमार ठाकुर

समय और पुरुषार्थ – धर्मेंद्र कुमार ठाकुर


Dharmendra Kumar Thakur

लेख सुनें तैयार

समय और पुरुषार्थ – धर्मेंद्र कुमार ठाकुर

क्यों कहते हो समय नहीं है, दिन में उतने ही घंटे हैं।

जितने पाकर इस भारत में, महान सभी जन बनते हैं॥

आर्यभट ने शून्य दिया और, जग को नया प्रकाश दिया।

भास्कर और वराहमिहिर ने, नभ का गूढ़ विकास किया॥

जगदीश बोस, सी. वी. रमन ने, विज्ञानों का मान बढ़ाया।

ए. पी. जे. अब्दुल कलाम ने, नभ में देश का ध्वज लहराया॥

तुलसी, सूर, कबीरदास ने, जन-जन में सद्ज्ञान भरा।

प्रेमचंद, दिनकर, निराला ने, हिंदी का सम्मान करा॥

सुश्रुत और चरक ऋषि ने, आयुर्वेद का मर्म कहा।

रामानुजन के सूत्रों ने, गणित का नूतन मार्ग गहा॥

कला, विज्ञान, साहित्य में सबने, इसी समय में नाम किया।

तुम भी उठो और जुट जाओ, जो लक्ष्य स्वयं ने ठान लिया॥

सबको मिलता एक सा, चौबीस घंटे का काल।

सदुपयोग जो कर सके, वही करे धमाल॥

क्षण-क्षण का जो मोल समझकर, करता नित पुरुषार्थ महान।

वही रचता है नव इतिहास, पाता जग में उच्च स्थान॥

बीता पल फिर लौट न आता, व्यर्थ न इसको जाने दो।

आलस और प्रमाद त्याग कर, नव ऊर्जा तुम आने दो॥

संकल्पों की शक्ति जगाकर, कठिन डगर पर बढ़ते जाओ।

श्रम के स्वेद कणों से अपने, जीवन पथ को गढ़ते जाओ॥

समय चक्र की गति के संग ही, जो अपना पग धरता है।

निज कर्मों के उजियारे से, वही धरा को भरता है॥

आज अभी से प्रण यह ले लो, एक न पल भी खोना है।

नव कीर्तिमानों का सृजन कर, अमर जगत में होना है॥

 

धर्मेंद्र कुमार ठाकुर

प्राथमिक विद्यालय रेही टोला 

रानीगंज अररिया

0 Likes
Spread the love

Leave a Reply