पद्यपंकज padyapankaj,Teachers Of Bihar,ToB PadhyaPankaj संस्कृत का स्वर्णिम सफर- धर्मेंद्र कुमार ठाकुर

संस्कृत का स्वर्णिम सफर- धर्मेंद्र कुमार ठाकुर


Dharmendra Kumar Thakur

लेख सुनें तैयार

संस्कृत का स्वर्णिम सफर

सृष्टि के उषाकाल में जब, ऋषियों ने ध्यान लगाया था,

देववाणी के रूप में तब, वेदों का स्वर आया था।

ऋग्वेद की ऋचाओं में, प्रकृति का गुणगान हुआ,

यज्ञ, संगीत और औषधि से, चारों वेदों का ज्ञान हुआ।

ब्राह्मण और आरण्यक ने, गूढ़ रहस्यों को खोला,

उपनिषद के चिंतन ने, ब्रह्म-आत्मा का मर्म बोला।

कंठ-कंठ में गूँज रही, यह ज्ञान-गंगा अविरल थी,

गुरुकुल की हर कुटिया में, बहती धारा निर्मल थी।

पाणिनि ने तब सूत्र गढ़े, भाषा को आधार दिया,

अष्टाध्यायी के नियमों ने, व्याकरण का संसार दिया।

षड्दर्शन के सूत्रों ने, तर्क-ज्ञान की राह दिखाई,

स्मृति और धर्मशास्त्रों से, समाज की मर्यादा आई।

वाल्मीकि की रामायण ने, आदि-काव्य का मान दिया,

वेदव्यास के भारत ने, जीवन का हर ज्ञान दिया।

अठारह पुराणों की गाथा, जन-जन के मन में बसने लगी,

धर्म, नीति और इतिहास की, नई कहानी रचने लगी।

गुप्त काल के स्वर्ण युग में, साहित्य का उत्थान हुआ,

राजदरबारों के आश्रय से, कवियों का सम्मान हुआ।

कालिदास की लेखनी से, शकुंतला और मेघ सजे,

भास, माघ और भारवि के, महाकाव्य के छंद बजे।

विष्णु शर्मा के पंचतंत्र ने, पशु-पक्षियों से नीति सिखाई,

हितोपदेश और कथासागर ने, जीवन की हर रीत बताई।

केवल काव्य-कथा ही नहीं, विज्ञान का भी यह धाम बनी,

आर्यभट्ट, भास्कर के गणित से, जग में इसका नाम बनी।

चरक और सुश्रुत संहिता ने, आयुर्वेद का मान बढ़ाया,

कौटिल्य के अर्थशास्त्र ने, राजनीति का पाठ पढ़ाया।

भरत मुनि के नाट्यशास्त्र से, कला-नृत्य का साज सजा,

बौद्ध और जैन विद्वानों से भी, संस्कृत का ही नाद बजा।

शंकर और रामानुज ने, भाष्य लिखकर दीप जलाया,

सागर पार गया यह वैभव, देश-विदेशों तक छाया।

युगों-युगों की इस यात्रा में, कभी न इसका मान घटा,

ज्ञान-विज्ञान की ज्योति बनकर, विश्व-गगन में नाम डटा।

 

धर्मेंद्र कुमार ठाकुर। प्राथमिक विद्यालय रेही टोला

रानीगंज अररिया

0 Likes
Spread the love

Leave a Reply