पद्यपंकज padyapankaj,Teachers Of Bihar,ToB PadhyaPankaj सार्थक जीवन की गाथा- धर्मेंद्र कुमार ठाकुर

सार्थक जीवन की गाथा- धर्मेंद्र कुमार ठाकुर


Dharmendra Kumar Thakur

लेख सुनें तैयार

सार्थक जीवन की गाथा

जब वृद्धावस्था पूछेगी, “तुमने यौवन कहाँ गँवाया?”

तो गर्व से कहना, “हमने संघर्षों में जीवन बिताया।”

कभी सपनों के लिए लड़े, कभी अपनों के आगे झुके,

कभी परिस्थितियों से हारे हम, पर कभी थक कर न रुके।

कभी स्वयं ही से द्वंद्व किया, हर कठिनाई को अपनाया,

जीवन की इस कठिन डगर में, स्वयं को हर पल आज़माया।

राहें सरल नहीं थीं, पर साहस भी कम न थे,

हर ठोकर से मिली सीख, आँखों में केवल दुख न थे।

जो भी मिला अनुभव बनकर, जीवन को संवार गया,

कोई भी पल व्यर्थ न बीता, हर अनुभव निखार गया।

तपकर इन अंगारों में, हमने अपनी पहचान बनाई,

आँधियों के बीच भी, आशाओं की लौ जलाई।

संबंधों की डोर को थामा, कर्तव्य हर एक निभाया है,

स्वयं जलकर भी अपनों के, जीवन में प्रकाश लाया है।

अब ढलती शाम के साये में, कोई खेद नहीं शेष,

हर घाव बना है आभूषण, हर स्मृति बनी है साक्षी।

गर्व से कह सकेंगे हम, जब अंतिम पड़ाव आएगा,

यह जीवन सार्थक बीता है, यह मन मुस्कुराएगा।

 

आने वाली पीढ़ी के लिए, हम एक दीप जला जाएंगे,

अपने कर्मों की सुगंध से, यह उपवन महका जाएंगे।

न धन की कोई लालसा थी, न यश का कोई अभिमान रहा,

बस सत्य और मर्यादा ही, अपना सच्चा सम्मान रहा।

जब थक कर यह काया विश्राम की ओर बढ़ेगी,

आत्मा तब भी शांति के, नव सोपान चढ़ेगी।

ईश्वर के चरणों में जब, यह जीवन अर्पित होगा,

हर एक क्षण इस यात्रा का, पूर्णतः समर्पित होगा।

धर्मेंद्र कुमार ठाकुर

प्राथमिक विद्यालय रेही टोला

रानीगंज अररिया

0 Likes
Spread the love

Leave a Reply