पद्यपंकज padyapankaj,Teachers Of Bihar,ToB PadhyaPankaj बचपन के मीठे बोल- धर्मेंद्र कुमार ठाकुर

बचपन के मीठे बोल- धर्मेंद्र कुमार ठाकुर


Dharmendra Kumar Thakur

लेख सुनें तैयार

बचपन के मीठे बोल

तुकबंदी के बोल निराले, मन को खूब लुभाते हैं,

खेल-खेल में नन्हे बच्चों को, जीवन-ज्ञान सिखाते हैं।

कोमल मन की बगिया में जो, मधुर भाव महकाते हैं,

दुनिया के हर रंग-रूप से, पहला परिचय कराते हैं।

लय और ताल की मीठी धुन से, भाषा का ज्ञान बढ़ाते हैं,

बार-बार दोहराने से ही, स्मरण शक्ति चमकाते हैं।

सही उच्चारण और बोलने का, आत्मविश्वास जगाते हैं,

नए-नए शब्दों के मोती, नन्हे कंठ सजाते हैं।

चंदा मामा, जल की मछली, जादुई लोक दिखाते हैं,

कोमल मन की कल्पनाओं को, नए से पंख लगाते हैं।

तितली, चिड़िया, बादल, तारे, सब संगी बन जाते हैं,

सृजनशीलता के इन बीजों से, नए विचार उगाते हैं।

बिना किसी उपदेश के ही ये, अच्छी आदत सिखलाते,

प्रकृति प्रेम, दया, सफ़ाई के, सुंदर पाठ पढ़ाते हैं।

बड़ों का आदर, सच की महिमा, सहज भाव समझाते हैं,

मित्रता और मिल-जुल रहने के, पावन गुण अपनाते हैं।

बचपन को खुशहाल बनाकर, जीवन पथ दिखलाते हैं,

बाल-गीत ही नन्हे कदमों की, प्रथम सीढ़ी बन जाते हैं।

संवेदनशील और नेक इंसान, बनने की राह दिखाते हैं,

जीवन भर की मीठी यादों में, अमिट छाप छोड़ जाते हैं।

 

धर्मेंद्र कुमार ठाकुर प्राथमिक विद्यालय रेही टोला

रानीगंज अररिया

0 Likes
Spread the love

Leave a Reply