आपका ब्राउज़र Text-to-Speech सपोर्ट नहीं करता।
एक दीप देश के वीरों के नाम – रोहित आनंद
शहादत, त्याग, सम्मान और राष्ट्रभक्ति को समर्पित
माटी अपनी भारत की, माटी बड़ी महान,
इसी धरा की रक्षा में, वीरों ने दिए प्राण।
सीमा पर जो जागते हैं, छोड़ अपना परिवार,
उनके नाम का एक दीप जलाएँ बारंबार।
एक दीप शहीदों के नाम,
एक दीप वीर जवानों के नाम।
एक दीप उन पूर्वजों के लिए,
जिनसे मिली हमें पहचान।
जो रणभूमि में डटे रहे,
सीना तानकर लड़े रहे,
देश की खातिर हँसते-हँसते,
अपने प्राण न्योछावर कर गए।
उन वीरों का बलिदान कभी,
हम व्यर्थ नहीं जाने देंगे,
श्रद्धा की पावन ज्योति जलाकर,
उनका मान बढ़ाते रहेंगे।
एक दीप शहीदों के नाम,
एक दीप वीर जवानों के नाम।
एक दीप उन पूर्वजों के लिए,
जिन्होंने रखा देश का मान।
जिन पूर्वजों ने राह दिखाई,
संस्कारों की ज्योत जलाई,
अपनी मेहनत और तपस्या से,
जीवन की बगिया महकाई।
माता-पिता और गुरुजनों का,
ऋण न चुका पाएँगे हम,
उनके चरणों में श्रद्धा रखकर,
शीश सदा झुकाएँगे हम।
एक दीप उन हाथों के नाम,
जो दुख में सहारा बन जाते हैं,
एक दीप उन नेक दिलों के नाम,
जो दूसरों के लिए जी जाते हैं।
केवल सीमा पर लड़ने वाले ही,
सम्मान के अधिकारी नहीं,
जो देश और समाज के लिए जीते हैं,
उनसे बढ़कर कोई उपकारी नहीं।
आओ मिलकर दीप जलाएँ,
प्रेम और श्रद्धा के फूल चढ़ाएँ,
जो चले गए छोड़कर अपनी निशानी,
उनकी यादों को हृदय में बसाएँ।
दीपक की यह नन्हीं ज्योति,
देती है हमको एक पैगाम,
त्याग, प्रेम और वीरता से,
अमर रहे हर वीर का नाम।
नमन हमारे वीर सपूतों को,
नमन हमारे पूर्वज महान,
जिनके त्याग और बलिदान से,
रोशन है अपना हिंदुस्तान।
एक दीप देश के वीरों के नाम,
एक दीप शहीदों के सम्मान में।
एक दीप अपने पूर्वजों के नाम,
एक दीप हर उस नेक इंसान के नाम,
जिसने जीवन जिया दूसरों के कल्याण में।
उनकी शहादत हमारी विरासत है,
उनका त्याग हमारी पहचान है।
जब तक जलती रहेगी श्रद्धा की ज्योति,
तब तक अमर उनका सम्मान है।
जय हिंद! जय भारत!
रोहित आनंद
बांका बिहार
डी. मेहरपुर

