आपका ब्राउज़र Text-to-Speech सपोर्ट नहीं करता।
एकांत पथिक – धर्मेंद्र कुमार ठाकुर
अकेला ही सही, पर यह मेरी यात्रा अतुलनीय है,
न कोई बंधन यहाँ पर है, न कोई स्वप्न मिथ्या है।
यहाँ आते-चले जाते, न जाने लोग कितने ही,
निराशा अंत में देती, वृथा जो आस बिखरी है।
अकारण ही किसी से अब, प्रतीक्षा छोड़ दी मैंने,
सभा में और की जाकर, प्रतिष्ठा छोड़ दी मैंने।
स्वयं के पैरों पर चलने, कला जब आ गई मुझको,
किसी सहयात्री की तब से, समीक्षा छोड़ दी मैंने।
कठिन राहें भले ही हों, बढ़ा साहस हमारा है,
लिए मन में प्रखर लक्ष्य, बढ़ता पग हमारा है।
हृदय के खेल में अब तो, शिकायत कोई भी न रही,
स्वयं की धुन में ही चलना, सुहागा ढंग हमारा है।
मेरी यात्रा अनूठी है, सुखद अवसान होना है,
इच्छा की मेरी अब तो, डगर दासी ही होना है।
निशा के घोर तमस से, तनिक भय अब नहीं लगता,
पराए शांत वचनों का, कोई पट अब नहीं फबता।
सिखाया समय ने मुझको, स्वयं से निष्ठा ही रखना,
पराए मिथ्या रूपों में, कभी मन को नहीं रमना।
उठेंगे तीव्र जो अंधड़, दिशा मैं मोड़ दूँगा तब,
दुर्बल संकल्प की बेड़ी, त्वरित ही तोड़ दूँगा अब।
सरोकार न जगत से है, न जन की चाह अब मुझको,
लिखूँगा सफलता गाथा, एकांत ही भाय अब मुझको।
धर्मेंद्र कुमार ठाकुर
प्राथमिक विद्यालय रेही टोला
रानीगंज अररिया

