आपका ब्राउज़र Text-to-Speech सपोर्ट नहीं करता।
शीर्षक :- तीन संकल्प, एक अभियान:शिक्षा, संविधान और नशामुक्ति का आह्वान
छब्बीस नवंबर का दिन आया, नई चेतना जगाने को,
शिक्षा, संस्कार और संविधान का महत्व समझाने को।
शिक्षा का अधिकार मिला है, अवसर मिले अपार,
गाँव-गाँव में विद्यालय हैं, खुला ज्ञान का द्वार।
पहले विद्यालय दूर थे, साधन भी कम मिलते थे,
अब गाँव की अपनी गलियों में, शिक्षा के दीप जलते हैं।
निःशुल्क शिक्षा, छात्रवृत्ति, प्रोत्साहन का उपहार,
बच्चों के सपनों को मिलता, आगे बढ़ने का आधार।
क्यों कोई बच्चा पीछे छूटे, क्यों कोई लाचार रहे?
शिक्षा के इस पावन अवसर से, क्यों कोई वंचित रहे?
कलम उठाओ, ज्ञान बढ़ाओ, अपना भाग्य सँवारो,
शिक्षित बनकर देश के विकास में, अपना योगदान उतारो।
संविधान ने हमें दिया है, अधिकारों का सम्मान,
न्याय, स्वतंत्रता, समता, बंधुता, भारत की पहचान।
छब्बीस नवंबर याद दिलाता, संविधान का मान,
कर्तव्यों का पालन करना, हर नागरिक की शान।
नशे की राह अंधेरी है, इससे दूरी अपनाएँ,
अपने परिवार और समाज में, खुशियों के दीप जलाएँ।
नशा मिटे, खुशहाली आए, स्वस्थ बने परिवार,
नशामुक्त बिहार बनाने का, हो सबका संकल्प अपार।
न कोई भेदभाव हो जग में, न शिक्षा से दूरी हो,
हर घर में ज्ञान का दीप जले, हर चेहरे पर नूर हो।
शिक्षा से सम्मान मिलेगा, संविधान से अधिकार,
नशामुक्त समाज बनाएँगे, यही हमारा विचार।
आओ मिलकर कदम बढ़ाएँ, नया इतिहास बनाएँ,
शिक्षित, जागरूक, स्वस्थ भारत का, सुंदर स्वप्न सजाएँ।
शिक्षा हमारी शक्ति बने, संविधान हमारा मान,
नशामुक्त समाज से ही, बनेगा देश महान।
रचनाकार : उमेश कुमार सिन्हा
डिसेंट एकेडमी वाया स्कूल रघुनाथपुर,
तुलसीपथ लालापुल रघुनाथपुर
अंचल:- ब्रह्मपुर
जिला – बक्सर

