छोटी – छोटी बूँदें लाएँ,
ये मतवाले बादल ,
श्वेत – स्लेटी , नीले – पीले ,
भूरे – काले बादल ।
कैसे – कैसे रूप बदलते ,
करते जादू – मंतर,
हाथी जैसे कभी मचलते ,
गरजन करें निरंतर ।
इधर – उधर घोड़ों – से दौड़े,
चाबुक वाले बादल,
छोटी – छोटी बूंदें लाएँ,
ये मतवाले बादल ।
झर – झर , झर – झर झड़ी लगाते ,
सरित – सरोवर , सागर ,
कहाँ – कहाँ से जाने लाते,
भर – भर जल की गागर ।
कोने – कोने नभ में घूमें ,
हिम्मतवाले बादल,
छोटी – छोटी बूंदें लाएँ,
ये मतवाले बादल ।
आशीष अम्बर
( विशिष्ट शिक्षक)
उत्क्रमित मध्य विद्यालय धनुषी
प्रखंड – केवटी
जिला – दरभंगा
बिहार

