पद्यपंकज padyapankaj,Teachers Of Bihar,ToB PadhyaPankaj हम हैं राही शिक्षा के -उमेश कुमार सिन्हा

हम हैं राही शिक्षा के -उमेश कुमार सिन्हा


Umesh Kumar Sinha

लेख सुनें तैयार

हम हैं राही शिक्षा के

 

हम हैं राही शिक्षा के, शिक्षा बिन रह न पाएँगे,

जीवन की अँधियारी गलियों में, दीप ज्ञान के जलाएँगे।

जीवन को नीरस होने से, हर हाल में बचाएँगे,

ज्ञान की ज्योति जलाकर हम, उजियारा फैलाएँगे।

 

हम स्वच्छंद स्वर-व्यंजन का, मधुर मिलन कराने वाले,

पुस्तक, लेखनी के संग-संग, सपनों को सजाने वाले।

कविता, आलेख, संस्मरण की, सुंदर कलम चलाने वाले,

शिक्षा-साहित्य के बिना भला, कैसे रह पाएँगे?

 

संघर्षों की कठिन डगर में, मनोबल ऊँचा रखेंगे,

विपदाओं के थपेड़ों में भी, हौसलों के दीप जलाएँगे।

नहीं झुकेंगे, नहीं रुकेंगे, लक्ष्य की ओर बढ़ जाएँगे,

शिक्षा-साहित्य की शक्ति से, अपनी पहचान बनाएँगे।

 

हिंदी में रचनाएँ रचकर, कवि-लेखक कहलाएँगे,

हिंदी का मान-सम्मान जग में, और ऊँचा ले जाएँगे।

स्नेह-सुगंध के फूल बनकर, सारा जहाँ महकाएँगे,

सूखी टहनी, मुरझाए पौधों में, नवजीवन भर जाएँगे।

 

निराश आत्मा के कुंठित मन में, मुस्कान नई पिरोएँगे,

प्रेम-सद्भाव की गरिमा खातिर, शबरी के बेर भी खाएँगे।

ईश्वर के अंश हैं हम सब, भेदभाव न अपनाएँगे,

जाति-वर्ग के बंधन तोड़कर, मानवता का मान बढ़ाएँगे।

 

क्यों करें अभद्र कर्म कोई, जब कर्मों का लेखा होगा,

ईश्वर के न्यायालय में, हर कर्म का चलचित्र होगा।

अपने ही कर्मों का प्रतिबिंब, जब आँखों के आगे आएगा,

पश्चात्ताप का भाव हृदय में, तब स्वयं उतर आएगा।

 

क्षमा माँगने का अवसर भी, फिर हाथ नहीं आएगा,

जीवन का यह मिट्टी का चोला, श्मशान में छूट जाएगा।

कर्मों का ऋण चुकाने को, फिर जग में आना पड़ जाएगा,

अपने ही कर्मों का हिसाब, फिर स्वयं चुकाना पड़ जाएगा।

 

हम हैं राही शिक्षा के, शिक्षा बिन रह न पाएँगे,

ज्ञान, प्रेम और साहित्य की, अलख जगाते जाएँगे।

मानवता की राह पकड़कर, जग को राह दिखाएँगे,

शिक्षा के इस पावन पथ पर, चलते ही हम जाएँगे।

 


 

स्वरचित रचनाकार:-

उमेश कुमार सिन्हा (निर्देशक)

डिसेंट एकेडमी वाया स्कूल रघुनाथपुर

तुलसीपथ लालापुल रघुनाथपुर

अंचल – ब्रह्मपुर

जिला – बक्सर

0 Likes
Spread the love

Leave a Reply