आपका ब्राउज़र Text-to-Speech सपोर्ट नहीं करता।
कर्म हमें ऐसा करना है- सरसी छंद गीत
कर्म हमें ऐसा करना है, जिससे मिले सुकून।
जीवन मूल्य लक्ष्य को पाना, रखिए सदा जुनून।।
चलते रहना काम हमारा, मन में रख विश्वास।
विचलित होना नहीं कभी भी, करना सदा प्रयास।।
ध्यान रहे संकल्प हमारा, चित में हर-पल धून।
जीवन मूल्य लक्ष्य को पाना, रखिए सदा जुनून।।०१।।
आहत कोई कभी नहीं हो, रखना सबका ध्यान।
स्वाभिमान से रहना हमको, देकर सबको मान।।
दृढ़ निश्चय कर जो चलता है, कंटक बने प्रसून।
जीवन मूल्य लक्ष्य को पाना, रखिए सदा जुनून।।०२।।
सौम्य भाव रत रहे निरंतर, करते कुछ उपकार।
अडिग हमेशा पथ पर रहकर, स्वप्न करें साकार।।
अमर वही जो समझ सका है, कुदरत का कानून।
जीवन मूल्य लक्ष्य को पाना, रखिए सदा जुनून।।०३।।
गीतकार:- राम किशोर पाठक
प्रधान शिक्षक
प्राथमिक विद्यालय कालीगंज उत्तर टोला, बिहटा, पटना, बिहार।
संपर्क – 9835232978

