पद्यपंकज padyapankaj,Teachers Of Bihar,ToB PadhyaPankaj मर्यादा की रेखा- धर्मेंद्र कुमार ठाकुर

मर्यादा की रेखा- धर्मेंद्र कुमार ठाकुर


Dharmendra Kumar Thakur

लेख सुनें तैयार

मर्यादा की रेखा

अति के बाद क्षति तय है, यह विधि का विधान है,

इतिहास के पन्नों पर अंकित, यही अटल प्रमाण है।

तुम चाहे कितने बड़े दिग्गज हो, या हो शिखर पर विराजमान,

मर्यादा की रेखा लांघोगे, तो निश्चित ही होगा अवसान।

साक्षी है यह सकल जगत, और काल की यह वाणी है,

अति ने ही तो लिखी सदा, हर पतन की कहानी है।

दशानन का अथाह वह ज्ञान, जो वेदों का ज्ञाता था,

तीनों लोकों में जिसके नाम का, डंका बज जाता था।

पर ज्ञान के उस मद ने जब, मर्यादा की सीमा तोड़ी,

सोने की वह लंका जल गई, और काल ने साँसें मोड़ीं।

दुर्योधन का अजेय वह बल, जिस पर था उसको अभिमान,

रणभूमि की धूल में मिल गया, मिट गई उसकी सब पहचान।

कंस का वह अकूत खजाना, और सत्ता का भारी शोर,

अति के कारण ही थम गया, जीवन का वह अंतिम छोर।

दीपक में भी अगर तेल को, सीमा से अधिक भरा जाए,

तो वह उजाला देने के बदले, खुद ही तुरंत बुझ जाए।

जब इंसान भी इसी तरह से, अपनी हद पार कर जाता है,

तो जीवन का वह दीपक भी, अँधेरों में खो जाता है।

ऊँचे पर्वत की चोटी पर, जो एक बार चढ़ जाता है,

शिखर पर पहुँचने के बाद तो, अगला कदम नीचे ही आता है।

प्रकृति का यही अटल नियम है, जिसे कोई न टाल सका,

अति की अंधी दौड़ में चलकर, कोई कभी न संभल सका।

इसलिए हे मानव! तू संभल, और सीमाओं का मान रख,

प्रकृति के इस नियम को समझ, अति से सदा दूर रहकर जीवन का ध्यान रख।

धर्मेंद्र कुमार ठाकुर। प्राथमिक विद्यालय रेही टोला

रानीगंज अररिया

0 Likes
Spread the love

Leave a Reply