पद्यपंकज Bhakti,padyapankaj,Teachers Of Bihar,ToB PadhyaPankaj,पर्व त्योहार आस्था का महासूर्य: छठ – धर्मेंद्र कुमार ठाकुर

आस्था का महासूर्य: छठ – धर्मेंद्र कुमार ठाकुर


Dharmendra Kumar Thakur

लेख सुनें तैयार

आस्था का महासूर्य: छठ – धर्मेंद्र कुमार ठाकुर

वैदिक युग से चली आ रही, यह पावन-पुनीत परिपाटी,
सूर्य देव और छठी मैया से, धन्य हुई भारत की माटी।
कर्ण, द्रौपदी, राम-सिया ने, किया यही अनुष्ठान महान,
चार दिनों के कठिन तप से, मिलता सुख-सौभाग्य वरदान॥
प्रथम दिवस है ‘नहाय-खाय’, तन-मन की होती शुद्धि,
कद्दू-भात और चने की दाल से, मिलती है सात्विक बुद्धि।
द्वितीय दिवस ‘खरना’ कहलाए, दिनभर रहता उपवास,
गुड़ की खीर और रोटी खाकर, जगती निर्जल व्रत की आस॥
तीसरे दिन सूप-दउरा सजता, ठेकुआ, फल और गन्ने से,
गूंज उठते हैं घाट सभी, मैया के मधुरिम गानों से।
अस्ताचलगामी सूर्य देव को, जल-दूध का अर्घ्य दिया जाता,
डूबते सूरज को पूज जगत को, अद्भुत संदेश दिया जाता॥
चौथे दिन भोर की बेला में, उगते रवि को अर्घ्य चढ़ाते,
छत्तीस घंटे का कठिन तप कर, व्रती पारण कर हर्षाते।
कच्चा दूध, अदरक, गुड़ लेकर, व्रत का पारण होता है,
छठी मैया की कृपा दृष्टि से, हर संकट दूर होता है॥
मिट्टी के चूल्हे, आम की लकड़ी, सादगी की पहचान है,
बिना पुरोहित, बिना आडंबर, प्रकृति का ही सम्मान है।
न कोई ऊँच, न कोई नीच, सब एक घाट पर आते हैं,
मिलजुल कर सब एक साथ, मैया की महिमा गाते हैं॥
माथे पर दउरा रख जब, घर के पुरुष घाट को जाते हैं,
नंगे पांवों से चलकर वे, अपनी श्रद्धा दिखलाते हैं।
कोसी भराई के दीपों से, जगमग होता है आंगन सारा,
सुख-समृद्धि और संतान रक्षा का, मिलता है आशीष न्यारा॥
देश-विदेश में जहां भी जाएं, यह पर्व हमें जोड़ता है,
माटी की खुशबू और संस्कारों से, नाता कभी न तोड़ता है।
आस्था, संयम और स्वच्छता का, यह महापर्व अनुपम है,
लोक आस्था के इस उत्सव को, मेरा कोटि-कोटि नमन है॥

धर्मेंद्र कुमार ठाकुर। प्राथमिक विद्यालय रेही टोला
रानीगंज अररिया

0 Likes
Spread the love

Leave a Reply