आपका ब्राउज़र Text-to-Speech सपोर्ट नहीं करता।
ज्ञान-दीप – धर्मेंद्र कुमार ठाकुर
चिकित्सा हो या शिक्षा दान,
करते निज जीवन बलिदान।
मन में जलती ज्ञान की ज्वाला,
रचते जग में नित्य उजाला॥
करुणा का बहता है नीर,
नव-रचना हित सहते पीर।
ज्ञान-दीप जब तम को हरता,
जीवन पथ आलोकित करता॥
भीतर द्वंद्व, शांत है रूप,
तपती धूप में छाँव अनूप।
चिंता मन को खूब सताती,
कर्तव्य-पथ पर पीर दब जाती॥
टूटे सपने चुपचाप समेटे,
अश्कों को मुस्कान लपेटे।
जग जिनको साधारण माने,
वे पत्थर में मूरत ठाने॥
कच्ची माटी गढ़ते जाते,
निज रातों से दिन चमकाते।
स्वेद-रक्त से सींची क्यारी,
शिष्य-सफलता सबसे प्यारी॥
शब्दों से जीवन सिखलाते,
भटके राही को राह दिखाते।
यश-वैभव की चाह न रखते,
बाहर सख्त, भीतर से नमते॥
मौन साधना को है नमन,
भरती जो नव-चेतन मन।
अमर रहेगी त्याग की भाषा,
गुरु ही नव-सृजन की आशा॥
धर्मेंद्र कुमार ठाकुर। प्राथमिक विद्यालय रेही टोला
रानीगंज अररिया

