पद्यपंकज padyapankaj,Teachers Of Bihar,ToB PadhyaPankaj,अनुभव ‘मीठा ज़हर’ – धर्मेंद्र कुमार ठाकुर

‘मीठा ज़हर’ – धर्मेंद्र कुमार ठाकुर



लेख सुनें तैयार

‘मीठा ज़हर’ – धर्मेंद्र कुमार ठाकुर

 

कान भरे तो राम भी, गए अयोध्या छोड़।

शकुनि चाल से कुरु हुआ, रक्त-रंजित मोड़॥

तुम क्या जानो घात यह, कितना करे विनाश।

चुगलखोर की बात से, मिटता हर विश्वास॥

हर विष की है औषधि, जग में वैद्य-सयान।

पर कानों में जो घुले, उसका नहीं निदान॥

मीठी वाणी बोलकर, बोते मन में शूल।

अपनों को ही छीन ले, इनकी कुटिल बबूल॥

दूरी इनसे राखिए, रखिए अपना ध्यान।

हँसता-खेलता घर उजड़े, जाते मान-सम्मान॥

प्रीत-रीति सब लीलकर, कर दें जीवन क्षार।

ऐसे कुटिल समाज से, बचिए हर एक बार॥

आँखों देखे सत्य को, परखो बारंबार।

बिन सोचे मत कीजिये, बातों पर एतबार॥

सच्चे हितैषी कौन हैं, लो उनकी पहचान।

मन का मैल मिटाइए, रखिए ऊँचा ज्ञान॥

एक चिंगारी द्वेष की, फूँक दे सारा गाँव।

शक की आँधी में ढहे, प्रेम भरा हर ठाँव॥

टूटे धागे नेह के, जुड़ते नहीं दोबारा।

चुगली की इस आग में, डूबे कूल-किनारा॥

संयम और विवेक से, थामें घर की डोर।

सदा सुखी वह वंश है, जहाँ न चुगलखोर॥

प्रेम-भाव से सींचिए, अपना यह संसार।

तभी बचेगा आपका, हँसता यह परिवार॥

रिश्तों की इस बगिया को, रखना सदा संभाल।

परनिंदा के कीट से, बुनना न कोई जाल॥

आपस की तकरार को, बैठ करो संवाद।

तीसरे की दखल से, होता घर बर्बाद॥

एकजुटता की शक्ति से, टलते सभी विकार।

स्नेह-सुधा बरसाइए, बना रहे आधार॥

सत्य और विश्वास की, जोत जले दिन-रात।

अमर रहे सद्भावना, मिटी रहे हर घात॥

 

धर्मेंद्र कुमार ठाकुर

प्राथमिक विद्यालय रेही टोला 

रानीगंज अररिया

0 Likes
Spread the love

Leave a Reply